सोमवार, 04 मई 2026
Logo
National

22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में पधारेंगे राम, क्या है भाजपा का मेगा प्लान...!

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में पधारेंगे राम, क्या है भाजपा का मेगा प्लान...!

22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में पधारेंगे राम, क्या है भाजपा का मेगा प्लान...!

Sandeep Sinha
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha

लखनऊ। मंदिर में भगवान राम के आगमन को लेकर अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं। अयोध्या मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मकर संक्रांति के दिन से ही राम की नगरी में रामोत्सव शुरू हो जाएगा।

22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के बाद से दर्शन का दौर शुरू हो जाएगा । इसके लिए अयोध्या का पूरा कायाकल्प हो रहा है । यही नहीं अयोध्या के विकास का असर आसपास के जिलों तक दिखना लगा है।


बीजेपी ने राम मंदिर को लेकर मेगा प्लान तैयार कर लिया है। सूत्रों की अगर माने तो 23 जनवरी से अयोध्या में भाजपा की 50 हजार भक्तों को रोजाना दर्शन कराने की तैयारी है। इस दौरान पार्टी की तरफ से भक्तों का ढोल नगाड़ों से स्वागत किया जाएगा। यही नहीं देश भर में राम मंदिर आंदोलन की याद दिलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता इसके इतिहास के संदर्भ में बुकलेट भी बांटेंगे। इस बुकलेट में राम मंदिर आंदेालन के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा के नेताओं की प्रमुख भूमिका का जिक्र होगा। यही नहीं कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल आदि विपक्षी दलों द्वारा रोड़े अटकाने की बातों का भी जिक्र होगा।


देश भर में पहले से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद अक्षत वितरण कार्यक्रम चला रहा है। संघ और विहिप कई कार्यक्रम भी चला रहे हैं। इन सभी में भाजपा कार्यकर्ता भी जुटेंगे। पूरी कोशिश है कि देश भर में पब्लिक कनेक्ट और मजबूती से स्थापित हो जाए। हर बूथ से कम से कम एक व्यक्ति/परिवार को राम मंदिर में रामलला के दर्शन कराए जाने की योजना पार्टी ने तैयार की है। इसमें सबसे ज्यादा जोर दक्षिण के राज्यों पर है।


यूपी ही नहीं उत्तर भारत के अन्य राज्यों से भी सीधे बस सेवा देने की योजना है। इसमें वहां की भाजपा सरकारों से भी सहयोग लिया जाएगा। यही नहीं रेलवे ने जो स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, उसका भी ज्यादा से ज्यादा लाभ भाजपा उठाएगी। जिस तरह रैलियों को लेकर रणनीति बनती है, ठीक वैसे ही इसकी भी प्लानिंग है। जो कार्यकर्ता लोगों को राम मंदिर यात्रा के लिए लेकर आएगा, वही उनके लौटने तक उनकी पूरी सहूलियत का ख्याल रखेगा। इसमें पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उसका सहयोग करेंगे।


वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को ऐतिहासिक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही। दरअसल सरकार इसे उत्तर प्रदेश की ग्लोबल ब्रांडिंग के मौके के तौर पर देख रही है। यहां वर्ल्ड क्लास एयरपोर्ट शुरू हो गया है, अयोध्या में तमाम कंपनियों के होटल खोलने की तैयारी है। यही नहीं अयोध्या का विस्तार कर एक अलग प्लांड शहर बसाया जा रहा है। यही नहीं राम मंदिर समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों को यूपी की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से गिफ्ट दिया जाएगा। कोशिश है कि यूपी के हर जिले के अलग उत्पादों को ग्लोबल ब्रांडिंग मिले। वैसे खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यूपी के इन प्रोडक्ट को कई अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अतिथियों को भेंट कर चुके हैं।


सीएम योगी आदित्यनाथ खुद आयोजन की पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।सीएम योगी का कहना है कि पूरी दुनिया अयोध्या की ओर उत्सुकता से देख रही है। हर कोई अयोध्या आना चाहता है। पूरा देश राममय है। यह उत्तर प्रदेश की ग्लोबल ब्रांडिंग का सुअवसर भी है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों तथा उसके बाद पर्यटकों/श्रद्धालुओं के आगमन को सुखद, संतोषप्रद अनुभव के लिए राज्य सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। जनसहयोग से अयोध्या नगरी सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता का मानक होगी। यह श्रीराममंदिर 'राष्ट्रमन्दिर' के रूप में भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक होगा।


इसी के साथ ही कनेक्टिविटी पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है श्रद्धालुओं को अयोध्या आगमन के लिए प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी लखनऊ से वॉल्वो बसों और हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने के लिए तैयारी चल रही है। अयोध्या में तीन हेलीपैड भी तैयार हैं। यही नहीं अयोध्या में जीरो कार्बन एमिशन परिवहन को तरजीह देते हुए 200 ई-व्हीकल की फ्लीट को पूरी तरह से मैदान में तैनात करने की योजना है।


22 जनवरी को मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के मौके को सरकार पूरी तरह से राष्ट्रीय उत्सव के तौर पर मना रही है और इसी के जरिये 2024 में फिर सत्ता में वापसी का रास्ता तलाशती नजर आ रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें