मंगलवार, 28 अप्रैल 2026
Logo
National

उत्तर प्रदेश में गरजे शिवराज : बोले - पिता को हटा सर्वे सर्वा हो गए अखिलेश, सपा की साइकिल होगी पंचर भाजपा जीतेगी बंपर

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
उत्तर प्रदेश में गरजे शिवराज : बोले - पिता को हटा सर्वे सर्वा हो गए अखिलेश, सपा की साइकिल होगी पंचर भाजपा जीतेगी बंपर

उत्तर प्रदेश में गरजे शिवराज : बोले - पिता को हटा सर्वे सर्वा हो गए अखिलेश, सपा की साइकिल होगी पंचर भाजपा जीतेगी बंपर

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

लखनऊ, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। ऐसे में काशी की नगरी में सभी दलों के नेताओं का जमावड़ा लग रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी अब चुनाव के ग्रैंड फिनाले की तैयारी में हैं या यूं कहें की यहां अंतिम चरण की लड़ाई सभी के लिए करो या मरो वाली हो गई है। 


सत्ता का फाइनल 7 मार्च को
वाराणसी में 'सत्ता का फाइनल' होगा, जब 7 मार्च को पूर्वांचल के 7 जिलों में 7वें और अंतिम चरण का मतदान होगा। 6 चरणों की वोटिंग के बाद 7वें चरण के लिए प्रचार में तेजी आई है। उत्तरप्रदेश में अंतिम चरण की चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने यूपी की सकलडीहा और ओबरा विधानसभा में सपा सरकार के कार्यकाल को भ्रष्टाचार, भय और आतंक का प्रतीक बताते हुए कहा की अखिलेश राज में माफिया खिलखिलाते थे और आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में माफिया जेलों में बिलबिला रहे हैं।

अरे अब्बास! तू क्या हिसाब लेगा रे…
मुख्यमंत्री ने मुख्तार अंसारी के बेटे का वायरल हो रहे वीडियो पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा मुख्तार अंसारी का बेटा अभी वायरल हो रहा है, वह कह रहा है अखिलेश की सरकार आ जाने दो, हिसाब ले लेंगे। इस पर मुख्यमंत्री ने जोरदार तंज कसा और कहा, 'अरे अब्बास! तू क्या हिसाब लेगा रे… रस्सी जल गई, ऐंठ नही गई। उन्होंने आगे कहा, 10 तारिक के बाद ये ऐंठ भी निकाल दी जाएगी, ये माफिया की ओलाद ये जनता का क्या कर सकता है। आगे उन्होंने कहा, सुन ले रे अब्बास! 10 मार्च को योगी जी का बुलडोजर तेरा हिसाब करेगा, माफिया बचने नहीं दिए जाएंगे।

सपा की साइकिल होगी पंचर भाजपा जीतेगी बंपर
मुख्यमंत्री ने कहा, ये ही लोग चिल्लाते है अखिलेश आ जाए सपा आ जाए। सीएम शिवराज ने कहा की उत्तरप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी बम्पर जीत रही है, और अखिलेश की साइकिल इस बार फिर पंचर होगी। सपा की साइकिल में करप्शन का पहिया लगा है, और कमीशन का हैंडल है। जनता का पैसा ही खा जाते हैं और सीट पर बैठे माफिया जनता को लूट ले लेते है। उन्होंने कहा, अखिलेश बाबू यह साइकिल तो, कबाड़ी के भाव भी नहीं चलेगी। जनता कह रही है जो राम को लाएं है, हम उन्हे लायेंगे।

डबल इंजन की सरकार है जरूरी
उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में और योगी जी के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा सरकार में यूपी की जनता को शांति, सुरक्षा और सम्मान मिला है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुये कहा की उत्तरप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए, जनता की खुशहाली के लिए, किसानों की तरक्की के लिए और एक सम्रद्ध उत्तरप्रदेश के लिए पुनः भाजपा सरकार जरूरी है, डबल इंजन की सरकार जरूरी है। 

मोदी जी के नेतृत्व में हर भारतीय सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा की हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने और केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह जी ने संकल्प लिया है की प्रत्येक भारतीय को यूक्रेन से सुरक्षित निकालकर वापिस लाएंगे। भारतीय सेना के सहयोग से नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने 4 मंत्रियों को स्वयं वहां भेजा है, हजारों भारतीय सुरक्षित निकाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा की मुझे पूरा विश्वास है कि मोदी जी के नेतृत्व में प्रत्येक भारतीय को सुरक्षित बाहर निकाल कर लाया जाएगा। उन्होंने कहा की जब-जब भारतीय नागरिकों पर दुनिया में कोई संकट आया है, तब तब मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने अभियान चलाकर अपने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है। मोदी जी हर संकट में जनता के साथ खड़े हैं, पहले भी ऑपरेशन वंदे मातरम चलाकर भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लेकर आए हैं और अभी ऑपरेशन "गंगा" चल रहा है, लेकिन अखिलेश बबुआ का तो उत्तरप्रदेश में ऑपरेशन "दंगा" चलता है ।

तीन C पर काम करती है अखिलेश की सपा
सीएम ने कहा की उत्तरप्रदेश की धरती पर अखिलेश की सपा तीन C पर काम करती है।
पहला C - करप्शन, केवल भ्रष्टाचार, 
दूसरी C - कमीशन, जनता के हित के सरकारी पैसे ही खा जाओ 
तीसरी C - क्राइम, आम जनता को लूटो-मारो। 
उन्होंने कहा की ये कमीशन, करप्शन और क्राइम करने वाले उत्तर प्रदेश की धरती पर 10 मार्च के बाद कहीं दिखाई नहीं देंगे। यह जनता का राज्य है, यह सरकार गरीबों के लिए है।

अखिलेश का समाजवाद नकली
सीएम शिवराज ने कहा की अखिलेश का समाजवाद नकली है। सपा के समाजवाद में साम्प्रदायिकता, माफियाराज और जातिवाद है। उनके समाजवाद की अलग परिभाषा है। मुख्यमंत्री ने सपा के समाजवाद का मतलब बताते हुए कहा : 
स - साम्प्रदायिकता
मा - माफियाराज
ज - जातिवाद 
ये ही सपा के समाजवाद की व्याख्या है और अखिलेश इन्हीं तीन की राजनीति कर रहे हैं।

पिता को हटा कर सर्वे सर्वा हो गए अखिलेश
सीएम शिवराज ने कहा की यह अखिलेश यादव और इनकी पार्टी किसी की नहीं हुई, यह अखिलेश यादव तो आज के औरंगजेब हैं। औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को ही कैद कर दिया था, अखिलेश ने भी 2017 में अपने पिता जी को हटा कर कमरे में बंद कर दिया और खुद ही पार्टी के सर्वे  सर्वा बन गए उन्होंने कहा जो अपने बाप का नहीं हुआ वह आपका क्या होगा। 

कांग्रेस राज में कभी वैक्सीन नहीं बनी
उन्होंने कहा की मोदी जी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया, मोदी जी ने सम्पूर्ण भारतवासियों को वैक्सीन का कवच दिया। आज अगर हम सुरक्षित है, तो उसका श्रेय नरेंद्र मोदी जी को जाता है। उन्होंने कहा की यह भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी थे जिनके नेतृत्व मे तुरंत टीका बना, वैक्सीन बनी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा की अगर मोदी नहीं होते तो वैक्सीन बनती क्या? कांग्रेस के राज में कभी वैक्सीन नहीं बनी । आज वैक्सीन भी बनी और करोड़ों-करोड़ लोगों को लगी भी,तब बबुआ जनता को कहते थे, "वैक्सीन मत लगवा लेना, यह मोदी वैक्सीन है और अकेले में जाकर खुद ही लगवा आये, अखिलेश अगर आज भाषण देने लायक बचे हो तो वह केवल वैक्सीन के कारण ही बचे हो।

उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
सीएम ने कहा की, कभी कांग्रेस और सपा की सरकार ने गरीबों को मुफ़्त में राशन नहीं दिया, कभी गरीबों को पक्के घरों की सौगात नहीं दी, कभी महिलाओं को गैस सिलेंडर नहीं दिए, किसानों को सम्मान निधि नहीं दी, ये सब अगर किसी ने दिया है तो  भाजपा की सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास के मंत्र को साकार कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। मैं आप सभी से अपील करने आया हूँ, इस बार मत चूकना आज उत्तरप्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने अनेकों सौगातें प्रदान की हैं जो पहले कभी नहीं मिली, यूपी जनता कह रही है, जो राम को लाये हैं, हम उनको लायेंगे,  इसलिए उत्तरप्रदेश की जनता यूपी में योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बनाने भाजपा को बम्पर वोटों से जिता रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें