
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने पहुंचे। अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ पहुंचे शिवराज ने दोनों नेताओं को अपने बेटे की शादी का निमंत्रण दिया।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने दोनों बेटों की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। वे खुद अपने परिजनों, मित्रों और अन्य विशिष्ट अतिथियों को शादी का निमंत्रण देने जा रहे हैं। खास मेहमानों तक शादी के कार्ड पहुंचाने का सिलसिला तेज हो गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने पहले भगवान विघ्नहर्ता का आशीर्वाद लेकर शादी का निमंत्रण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे कार्तिकेय और कुणाल भी मौजूद थे। इसके अलावा, शिवराज ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, और जीतू पटवारी जैसे नेताओं के आवास पर जाकर भी निमंत्रण पत्र सौंपा है।
शादी की तारीखें और स्थान
शिवराज सिंह के छोटे बेटे कुणाल की शादी 14 फरवरी को भोपाल के एक प्रमुख होटल में उनकी बचपन की दोस्त रिद्धि जैन से होगी। वहीं, बड़े बेटे कार्तिकेय की शादी 5 और 6 मार्च को राजस्थान के उदयपुर में अमानत बंसल के साथ संपन्न होगी।
शिवराज सिंह चौहान की होने वाली बहुएं
शिवराज सिंह चौहान की बड़ी बहू अमानत बंसल राजस्थान के प्रतिष्ठित परिवार से हैं। उनके पिता अनुपम बंसल शू कंपनी लीबर्टी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। वहीं, छोटी बहू रिद्धि जैन भोपाल के निशांत कॉलोनी में रहती हैं और उनके पिता आदित्य बिड़ला ग्रुप में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
शादी समारोह में देश के कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न पार्टियों के नेता और विदेशी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियां जोरों पर हैं, और यह आयोजन भव्य रूप लेने जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

