
कोलकत्ता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा सत्ता परिवर्तन हो गया है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए भव्य समारोह में देश की सियासत के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। सबसे बड़ी बात यह रही कि बीजेपी ने बंगाल में 15 साल पुराना टीएमसी शासन खत्म कर नई सरकार बना ली। यही वजह है कि यह शपथ समारोह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा गया।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ भव्य शपथ ग्रहण
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद शामिल हुए। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। बीजेपी नेतृत्व ने इस आयोजन के जरिए साफ संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी अब बंगाल में लंबे राजनीतिक खेल के लिए तैयार है। समारोह में भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी भी चर्चा का केंद्र रही।
भवानीपुर की जीत बनी सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट
शुभेंदु अधिकारी की मुख्यमंत्री पद तक पहुंच का सबसे बड़ा आधार भवानीपुर सीट पर मिली जीत रही। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बंगाल की राजनीति का समीकरण बदल दिया। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा गया था। हालांकि राजनीतिक हलकों में इस मुकाबले को बंगाल की सबसे बड़ी चुनावी लड़ाई माना जा रहा है।
अमित शाह ने किया था विधायक दल के नेता का ऐलान
बीजेपी के भीतर सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ी। 8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे, जहां विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसी के साथ नई सरकार का रास्ता साफ हो गया था।
इन नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक, खुदीराम टुडू और अशोक कीर्तनिया शामिल हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश की गई है। आने वाले दिनों में विभागों के बंटवारे पर भी नजर रहेगी।
चुनाव परिणाम ने बदल दिया बंगाल का राजनीतिक नक्शा
West Bengal विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं टीएमसी सिर्फ 80 सीटों तक सिमट गई। इन नतीजों ने बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया है। लंबे समय तक सत्ता में रही ममता बनर्जी की सरकार का अंत अब राष्ट्रीय राजनीति में भी नए संकेत दे रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

