
सोमनाथ। गुजरात का ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर आज एक बेहद खास पल का गवाह बन रहा है। मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे होने पर भव्य ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। PM मोदी सोमनाथ पहुंच चुके हैं और हेलिपैड से मंदिर तक उनका करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू हो गया। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नजर आई।
75 साल पहले स्वतंत्र भारत में हुआ था पुनर्निर्माण
सोमनाथ मंदिर का आधुनिक स्वरूप स्वतंत्र भारत में दोबारा तैयार किया गया था। 11 मई 1951 को मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, जिसे भारतीय इतिहास के बड़े सांस्कृतिक पुनर्जागरण के रूप में देखा जाता है। आज उसी ऐतिहासिक क्षण के 75 वर्ष पूरे होने पर विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पहली बार होगा मंदिर शिखर का अभिषेक
इस समारोह की सबसे खास बात मंदिर के शिखर का विशेष अभिषेक है। जानकारी के मुताबिक, पहली बार सोमनाथ मंदिर के शिखर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुंभाभिषेक की रस्म निभाई जाएगी। इसके लिए देश के 11 प्रमुख तीर्थों से जल लाया गया है। करीब 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से कलश का पवित्र जल मंदिर के शिखर पर चढ़ाया जाएगा। धार्मिक विद्वानों के अनुसार, यह अनुष्ठान मंदिर इतिहास का एक दुर्लभ और ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है।
मंदिर के ऊपर होगा एयर शो और पुष्प वर्षा
अभिषेक के बाद भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम मंदिर के ऊपर करीब 15 मिनट तक एयर शो करेगी। इसके अलावा चेतक हेलिकॉप्टरों के जरिए मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा भी की जाएगी। आयोजन को लेकर पूरे सोमनाथ क्षेत्र में सुरक्षा और तैयारियां पहले से ही कड़ी कर दी गई हैं।
गजनवी हमले के 1000 साल भी पूरे
साल 2026 सोमनाथ मंदिर के इतिहास में एक और वजह से बेहद अहम माना जा रहा है। इतिहास के अनुसार, 1026 में महमूद गजनवी ने मंदिर पर हमला कर इसे ध्वस्त कर दिया था। अब उस घटना के 1000 साल भी पूरे हो रहे हैं। ऐसे में इस बार का अमृत महोत्सव सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक प्रतीक के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

