
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा ने माहौल गरमा दिया है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बीच सड़क उनकी स्कॉर्पियो को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें 4 गोलियां लगीं।
घटना के बाद से राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा ने सीधे TMC पर निशाना साधा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
रास्ता रोककर बरसाईं गोलियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ बुधवार रात कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह स्कॉर्पियो में ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। गाड़ी में ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक लिया। कुछ ही सेकंड बाद बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचा और गाड़ी की बाईं तरफ से लगातार फायरिंग शुरू कर दी।
6 से 10 राउंड फायरिंग, ड्राइवर भी घायल
हमलावर ने कथित तौर पर 6 से 10 राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ रथ को लगी चार गोलियों में से दो गोलियां सीने को चीरते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है।
ग्लॉक 47X पिस्टल से हमला, प्रोफेशनल शूटर्स पर शक
फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट में सामने आया है कि हमलावरों ने कथित तौर पर ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह के आधुनिक हथियार आम अपराधियों के पास आसानी से नहीं होते। हमले का तरीका भी बेहद सुनियोजित बताया जा रहा है। बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जिस कार से रास्ता रोका गया, उसकी नंबर प्लेट भी फर्जी निकली। इससे साजिश पहले से तैयार होने की आशंका और गहरी हो गई है।
‘2-3 दिन रेकी के बाद की गई हत्या’
सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को पूरी तरह प्लान्ड बताया है। उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक रेकी की गई, जिसके बाद हमला अंजाम दिया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में “गुंडों की सफाई” का अभियान चलाएगी। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
एक घंटे बाद BJP कार्यकर्ता पर फिर फायरिंग
चंद्रनाथ रथ की हत्या के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 भाजपा और 2 TMC से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। इससे राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल तेज हो गए हैं।
TMC ने CBI जांच की मांग की
तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच कराई जाए। TMC ने यह भी कहा कि भाजपा और TMC दोनों दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं की हत्या के मामलों की व्यापक जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

