
देहरादून, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। उत्तराखंड (Uttrakhand) के उत्तरकाशी (Uttarakashi) में NH-94 पर एक भयानक बस हादसा (Bus Accident) हुआ है। इस हादसे में यमुनोत्री जा रही बस गहरी खाई में गिर गई है। बस में ड्राइवर कंडेक्टर समेत करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, इनमें से मध्यप्रदेश के 26 यात्रियों की मौत हो गई है। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
देर रात शिवराज होंगे उत्तराखंड रवाना
उधर हादसे की जानकारी लगते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देर रात उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और 4 वरिष्ठ अधिकारी भी उत्तराखंड जाएंगे। रात को देहरादून में पूरे रेस्क्यू और घायलों की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुबह होते ही उत्तरकाशी जिले के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हादसे को लेकर फोन पर चर्चा कर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए कहा है।
200 फिट गहरी खाई में गिरी बस
बदतें, यात्रियों से भरी बस हरिद्वार से यमुनोत्री धाम के लिए चली थी। हादसा शाम 6:46 बजे यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब 5 किमी दूर रिखाऊं खड्ड क्षेत्र में हुआ जब बस अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान 23 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं 3 की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार घायलों का इलाज चल रहा है।
पीएम ने जताया दुख
हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। प्रधनमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है। वहीं प्रधानमंत्री ने मृतक के परिवार को सहायता राशि की घोषणा की है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2-2 लाख रुपए सहायता राशि मिलेगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

