
देहरादून, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हुए बस हादसे में मृत लोगों का रात में ही पोस्टमार्टम हो चुका है अब उनके शवों को सोमवार दोपहर 2:00 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से मध्यप्रदेश लाया जाएगा। मृतकों के शवों को विमान से खजुराहो लाया जाएगा, यहां से शवों को गाड़ियों के माध्यम से मृतकों के गांव ले जाया जाएगा।
सभी शवों को खाई से निकाल लिया गया
हादसे की जानकारी लगते ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात में ही देहरादून पहुंच गए थे। जहां उन्होंने मैक्स अस्पताल पहुंच कर घायलों से मुलातक की। इससे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने बैठक की और हादसे की पूरी जानकारी ली थी। सोमवार सुबह मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटना के बाद से ही लगातार संपर्क में हैं। मैं भी रात को 12 बजे देहरादून पहुंच गया था। रात को ही सभी भाई-बहनों के पार्थिव देह को खाई से निकाल लिया गया था और पोस्टमार्टम संपन्न हो गया था। अब सभी पार्थिव देह देहरादून लाए जा रहे हैं।
वायुसेना के विमान से मध्यप्रदेश पहुंचेंगे शव
मुख्यमंत्री ने कहा, सभी पार्थिव देह 10:00 बजे तक देहरादून पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी ने ज्यादा टीम लगाकर जल्दी एंबालमिंग के निर्देश दिए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने भारतीय वायुसेना के विमान की व्यवस्था की है। दोपहर 2:00 बजे सभी पार्थिव देह खजुराहो रवाना करेंगे। उन्होंने कहा, खजुराहो में हमारी गाड़ियां पहले से मौजूद रहेंगी, जो तीर्थयात्रियों के पार्थिव देह को तुरंत उनके गांव ले जाएंगी। हमारी कोशिश है कि हम पूरे सम्मान के साथ मध्य प्रदेश उनको पहुंचा पाएं और आज ही उनका अंतिम संस्कार हो जाए।
देर रात अस्पताल पहुंच कर घायलों से मिले शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज करीबन रात 12:00 बजे रेस्क्यू और घायलों की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के लिए देहरादून पहुंचे। उनके साथ मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और 4 अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में वीसी के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए और फिर रात में ही मैक्स अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल हुए मध्यप्रदेश के यात्रियों से मुलाकात की। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सुबह 8:00 बजे घटना स्थल भी पहुंचे।
200 फिट गहरी खाई में गिरी बस
बतादें, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में NH-94 पर एक भयानक बस हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस हरिद्वार से यमुनोत्री धाम के लिए चली थी। हादसा शाम 6:46 बजे यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब 5 किमी दूर रिखाऊं खड्ड क्षेत्र में हुआ जब बस अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस में ड्राइवर कंडेक्टर समेत करीब 30 यात्री सवार थे। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी है। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान 23 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं 3 की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार घायलों का इलाज चल रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

