प्रयागराज : महाकुंभ भगदड़ मामले को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गंगा के किनारे मरेगा तो वो मरेगा नहीं मोक्ष पाएगा। इस पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने प्रतिक्रिया दी है।
महाकुंभ भगदड़ के बाद बागेश्वर बाबा का बयान
महाकुंभ भगदड़ के बाद बागेश्वर बाबा का एक बयान सामने आया है। उन्होंने महाकुंभ की घटना को निंदनीय बताया और कहा कि जो गंगा किनारे मरेगा वो मोक्ष पाएगा।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने महाकुंभ भगदड़ को निंदनीय बताते हुए कहा, “देश में प्रतिदिन करोड़ों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कुछ तो दवाओं की कमी के कारण, कुछ स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण, और कुछ लोग दिल का दौरा पड़ने से मारे जाते हैं। महाकुंभ में हुई यह घटना निंदनीय और बहुत ही विचित्र है, लेकिन एक बात कहूं – यह महाप्रयाग है। मृत्यु तो सबकी निश्चित है। एक दिन सभी को मरना है। अगर कोई गंगा के किनारे मरेगा तो उसे मृत्यु नहीं, मोक्ष मिलेगा।” बागेश्वर बाबा ने यह बात संत सम्मेलन में कही है।
क्या है पूरा मामला?
29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर हुए दूसरे अमृत स्नान के दौरान महाकुंभ मेला क्षेत्र में भगदड़ मच गई थी। अचानक बढ़ी भीड़ के दबाव से अखाड़ा मार्ग की बैरिकेडिंग टूट गई, जिसके बाद जमीन पर लेटे और बैठे श्रद्धालुओं पर बाकी श्रद्धालुओं की भीड़ चढ़ गई। इसके बाद लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए भागने लगे। इस दर्दनाक हादसे में 30 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है। यह जानकारी एक प्रेस कांफ्रेंस में डीआईजी वैभव कृष्ण और मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने दी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

