लखनऊ, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। पीएम नरेंद्र मोदी ने बलरामपुर, उत्तर प्रदेश में 9,800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन किया, इस दौरान उन्होंने मंच से कहा, देश की नदियों के जल के सदुपयोग हो, किसानों के खेत तक पर्याप्त पानी पहुंचे, ये सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का पूरा होना इस बात का सबूत है कि जब सोच ईमानदार होती है, तो काम भी दमदार होता है। उन्होंने कहा, आज से करीब 50 वर्ष पहले सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना पर कार्य शुरू हुआ था। जब इस परियोजना पर कार्य शुरू हुआ था, तब इसकी लागत 100 करोड़ रुपये से भी कम थी। आज यह लगभग 10,000 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद परियोजना पूरी हुई है।
जो 5 दशक में नहीं हुआ हमने 5 साल में किया
प्रधानमंत्री ने कहा, सरयू नहर परियोजना में जितना काम 5 दशक में हो पाया था, उससे ज्यादा काम हमने 5 साल से पहले करके दिखाया है। यही डबल इंजन की सरकार है। यही डबल इंजन की सरकार के काम की रफ्तार है। उन्होंने कहा, जब मैं आज दिल्ली से चला तो सुबह से इंतजार कर रहा था कि कब कोई आएगा, कहेगा कि मोदी जी इस योजना का फीता तो हमने काटा था, ये योजना तो हमने शुरू की थी। कुछ लोग हैं जिनकी आदत है ऐसा कहने की, हो सकता है कि बचपन में इस योजना का फीता उन्होंने ही काटा हो। उन्होंने कहा, कुछ लोगों की प्राथमिकता फीता काटना है। लेकिन हम लोगों की प्राथमिकता योजनाओं को समय पर पूरा करना है।
भारत दूध उत्पादन में दुनिया में अग्रणी है
उन्होंने कहा, पशु पालन, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नई योजनाएं शुरू की गई हैं। आज भारत दूध उत्पादन मामले में दुनिया में अग्रणी है ही साथ ही शहद निर्यातक के रूप में विश्व में अपना स्थान बना रहे हैं।
30 लाख परिवार को मिला पक्का घर
प्रधानमंत्री ने कहा, योगी जी की सरकार जब से आई है, तब से गन्ने के भुगतान में भी बहुत तेजी आई है। पिछली सरकारों में जहां 20 से अधिक चीनी मिलों में ताला लग गया, वहीं योगी जी की सरकार ने कितनी ही चीनों का विस्तार और आधुनिकीकरण किया है। उन्होंने कहा, डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से यूपी के 30 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर मिल चुका है। आने वाले दिनों में और भी ज्यादा नए घर बनाने के लिए अभी हमारी सरकार ने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधाना किया है।
योगी सरकार माफिया की सफाई में जुटी हुई है
उन्होंने कहा, पहले जो सरकार में थे, वो माफिया को संरक्षण देते थे। आज योगी जी की सरकार माफिया की सफाई में जुटी है। तभी तो यूपी के लोग कहते हैं कि फर्क साफ है। उन्होंने कहा, पहले यूपी की बेटियां घर से बाहर निकलने से पहले 100 बार सोचने के लिए मजबूर थीं। आज अपराधी गलत काम करने से पहले 100 बार सोचता है। तभी तो यूपी के लोग कहते हैं- फर्क साफ है।