
अयोध्या। राम भक्तों को बरसों से जिस पल का इंतजार है, उसके लिए अयोध्या पूरी तरह तैयार है। भव्य स्तर पर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन आज होगा जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी सभी धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे। मंगलवार को मंदिर लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मोदी के अलावा देश-विदेश से बड़ी संख्या में खास मेहमान सोमवार को अयोध्या पहुंचने वाले हैं। इसके मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
प्राण प्रतिष्ठा की विधि दोपहर 12:20 बजे से शुरू
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की विधि 22 जनवरी को दोपहर 12:20 बजे शुरू होगी। प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में की जाएगी। शुभ मुहूर्त दिन के 12 बजकर 29 मिनट और 08 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट और 32 सेकंड तक का रहेगा। यानि प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त केवल 84 सेकंड का है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय काशी के विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने निकाला है। यह कार्यक्रम पौष माह के द्वादशी तिथि (22 जनवरी 2024) को अभिजीत मुहूर्त, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र, मेष लग्न एवं वृश्चिक नवांश में होगा। पूजा-विधि के जजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस दौरान 150 से अधिक परंपराओं के संत-धर्माचार्य और 50 से अधिक आदिवासी, गिरिवासी, तटवासी, द्वीपवासी, जनजातीय परंपराओं की भी उपस्थिति होगी।
प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम
22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्यूनतम विधि-अनुष्ठान रखे गए हैं। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर होने वाली प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रातः काल 10 बजे से 'मंगल ध्वनि' का भव्य वादन होगा। विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र लगभग दो घंटे तक इस शुभ घटना का साक्षी बनेंगे।
क्या है प्राण प्रतिष्ठा?
प्राण प्रतिष्ठा का शाब्दिक अर्थ है 'जीवन देना' और इसका उपयोग धार्मिक संदर्भ में हिंदू भक्तों द्वारा पूजा स्थल पर मूर्ति स्थापित करते समय किया जाता है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह का अर्थ वेदों और पुराणों में स्थापित अनुष्ठानों की एक श्रृंखला के माध्यम से एक मूर्ति को देवता में बदलना है। आपको बता दें कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य अर्चक की भूमिका निभाने जा रहे पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान होंगे।
चेन्नै के फूलों से सजाया गया राम मंदिर का गर्भगृह
अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह को रविवार रात को चेन्नई से लाए गए सुगंधित फूलों से सजाया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुष्प सजावट टीम के प्रमुख संजय धवलीकर ने बताया कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भव्य संरचना की सजावट के लिए 20 से अधिक किस्मों के तीन हजार किलोग्राम से ज्यादा फूलों का उपयोग किया गया है। धवलीकर ने बताया कि मंदिर परिसर की सजावट का लगभग 85-90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सजावट में भारत के विभिन्न हिस्सों से लाए गए तीन हजार किलोग्राम से अधिक विभिन्न प्रकार के फूलों का उपयोग किया गया है।’’उन्होंने कहा कि सजावट में इस्तेमाल किए गए फूलों की किस्मों में गुलदाउदी, जरबेरा, आर्किड और एंथुरियम और लिलियम जैसे विदेशी फूल भी शामिल हैं। धवलीकर ने कहा कि अलग-अलग किस्म और रंगों के यह फूल चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे, लखनऊ और दिल्ली से लाए गए हैं।
5 लाख दीपों से जगमगाएगी राम की पैड़ी
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अयोध्या में ‘राम ज्योति’ जलाकर दिवाली जैसा जश्न मनाया जाएगा। अयोध्या में सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में 5 लाख दीपक जलाने की योजना है। इसके साथ ही दुकानों, दर्शनीय स्थलों, घरों और पौराणिक स्थानों पर ‘राम ज्योति’ जलाई जाएगी। अयोध्या में सरयू नदी का तट मिट्टी के दीयों से जगमगाएगा। रामलला, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, कनक भवन, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास कैंप समेत 100 मंदिरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दीपक जलाए जाएंगे।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
अयोध्या में सोमवार को होने वाले राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें 10,000 सीसीटीवी कैमरे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी के लिए तैनात किये गये हैं। अयोध्या में धर्मपथ और रामपथ से लेकर, जहां भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है, वहीं हनुमानगढ़ी इलाके की गलियों और अशर्फी भवन रोड तक, पुलिसकर्मियों को सड़कों पर गश्त करते देखा जा सकता है।
10:30 बजे तक मेहमानों को करना होगा प्रवेश
मेहमानों को 10:30 बजे तक रामजन्मभूमि परिसर में प्रवेश करना होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि उसके द्वारा जारी की गई प्रवेशिका के जरिए ही प्रवेश संभव है। केवल निमंत्रण पत्र से आगंतुक प्रवेश नहीं कर पाएंगे। प्रवेशिका पर बने क्यूआर कोड के मिलान के बाद ही परिसर के प्रवेश मिलेगा। ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर प्रवेशिका का एक प्रारूप भी साझा किया है।
चार घंटे अयोध्या में रहेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी सोमवार को चार घंटे अयोध्या में रहेंगे। सुबह 10:25 बजे अयोध्या एयरपोर्ट और 10:55 पर राम जन्मभूमि पहुंचेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के बाद एक बजे प्रस्थान कर सभा को संबोधित करेंगे। 2:10 पर कुबेर टीला के दर्शन कर दिल्ली लौट जाएंगे।
मंदिर में दर्शन का समय
प्राण प्रतिष्णा के बाद श्रीराम मंदिर अगले दिन यानी 23 जनवरी से भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर में रामलला के दर्शन सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक हो सकेंगे।
मंदिर में आरती का समय
प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर के द्वार भक्तों के लिए आरती समारोह में भाग लेने के लिए खुलेंगे। मंदिर में तीन अलग-अलग प्रकार की आरती की जाएगी और उपस्थिति के लिए मुफ्त पास दिए जाएंगे। प्रत्येक आरती की क्षमता सीमित होगी, जिससे केवल तीस लोग ही आध्यात्मिक अनुभव में भाग ले सकेंगे। प्रतिदिन तीन आरती सुबह 6.30 बजे, दोपहर 12.00 बजे और शाम 7.30 बजे की जाएंगी। आरती विधि के लिए पास जरूरी है।
-
सुबह 6.30 बजे- श्रृंगार आरती
-
दोपहर 12.00 बजे – भोग आरती
-
7.30 बजे – संध्या आरती
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

