
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत ने असंभव से लगने वाले सपनों को साकार होते देखा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने x पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनकी 25 वर्षों की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रेरक अध्याय है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और करोड़ों नागरिकों के जीवन में आशा, अवसर और आत्मविश्वास का विस्तार हुआ है। जब नेतृत्व की सोच विराट और इरादे अडिग हों, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने लोगों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने और इसे छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “कुछ बदलाव समय के साथ आते हैं, लेकिन इतिहास की कहानियां बदल देते हैं।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बड़े सपने देखना, उन्हें संकल्प में बदलना और पूरी शक्ति से उन्हें साकार करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की विशेषता है। इस नेतृत्व ने भारत और छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर गढ़ी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

