
देहरादून, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मध्यप्रदेश के यात्रियों के साथ हुए खतरनाक बस हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान देर रात उत्तराखंड पहुंचे। देहरादून पहुंचे ही मुख्यमंत्री ने पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और हादसे की पूरी जानकारी ली। जिसके बाद वो अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल हुए लोगों से मुलातक कर उनका हालचाल जाना।
देर रात अस्पताल पहुंच कर घायलों से मिले शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज करीबन 12:00 बजे रेस्क्यू और घायलों की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के लिए देहरादून पहुंचे। उनके साथ मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और 4 अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में वीसी के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए और फिर रात में ही मैक्स अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल हुए मध्यप्रदेश के यात्रियों से मुलाकात की। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सुबह 8:00 बजे घटना स्थल भी पहुंचे।
शवों को ससम्मान मध्यप्रदेश लाने की हो रही व्यवस्था : सीएम
देहरादून के आपदा कंट्रोल रूम में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा, उत्तराखंड में हुई दुखद दुर्घटना के सभी घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। सभी शव निकाले जा चुके हैं, दो की तलाश जारी है। हम परिवारजनों के साथ सतत संपर्क में हैं। उनकी इच्छानुसार शवों को ससम्मान वाया रोड और जरूरत हुई तो हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा, मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रशासन की टीम का त्वरित कार्रवाई के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। उत्तराखंड की टीम अभी रात में भी यहां हैं। पन्ना के भाई बहनों से कहना चाहता हूं कि दूसरी बस के लोग सुरक्षित हैं, उन्हें लेकर प्रातः देहरादून रवाना होंगे।
200 फिट गहरी खाई में गिरी बस
बतादें, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में NH-94 पर एक भयानक बस हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस हरिद्वार से यमुनोत्री धाम के लिए चली थी। हादसा शाम 6:46 बजे यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब 5 किमी दूर रिखाऊं खड्ड क्षेत्र में हुआ जब बस अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस में ड्राइवर कंडेक्टर समेत करीब 30 यात्री सवार थे। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी है। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान 23 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं 3 की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार घायलों का इलाज चल रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

