
IPL 2026 का खिताब जीतने के कुछ ही दिनों बाद भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और करीब दो घंटे तक आश्रम में समय बिताया। सुबह-सुबह हुई इस मुलाकात की चर्चा क्रिकेट और आध्यात्मिक जगत दोनों में हो रही है।
सुबह 7 बजे पहुंचे केली कुंज आश्रम
जानकारी के अनुसार, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और कार से उतरकर नंगे पांव आश्रम में प्रवेश किया। आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया।
दो घंटे तक आश्रम में रहे विराट-अनुष्का
दंपति ने करीब दो घंटे आश्रम में बिताए। बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन और त्रिपुंड दिखाई दिया। उनके हाथ में एक आध्यात्मिक पुस्तक भी नजर आई। इससे पहले भी विराट और अनुष्का कई बार वृंदावन आकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर चुके हैं।
बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज से भी मिले
प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद विराट और अनुष्का पैदल ही करीब 150 मीटर दूर स्थित बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद लिया और कुछ समय आध्यात्मिक वातावरण में बिताया।
इसी साल अप्रैल में भी पहुंचे थे वृंदावन
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे हों। इस साल 20 अप्रैल, अक्षय तृतीया के अवसर पर भी दोनों वृंदावन आए थे और प्रेमानंद महाराज का सत्संग सुनकर उनका आशीर्वाद लिया था।
IPL 2026 में विराट का शानदार प्रदर्शन
वृंदावन यात्रा ऐसे समय हुई है जब विराट कोहली हाल ही में IPL 2026 का खिताब जीतकर आए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरा IPL खिताब अपने नाम किया था।
फाइनल में बने थे प्लेयर ऑफ द मैच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने IPL फाइनल में अपने करियर की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता।
लगातार चौथे सीजन में 600+ रन
विराट का प्रदर्शन पूरे सीजन में शानदार रहा। उन्होंने IPL 2026 में 675 रन बनाए और RCB के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। खास बात यह रही कि उन्होंने लगातार चौथे सीजन में 600 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड कायम रखा। यही प्रदर्शन RCB की खिताबी जीत की सबसे बड़ी वजहों में से एक माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

