N
डेस्क रिपोर्टर
नई दिल्ली, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। फिरोजपुर में पीजीआइ के सैटेलाइट सेंटर का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी करने वाले थे। इसके बाद वो यहां पर एक रैली को संबोधित करने वाले थे, लेकिन इस रैली को सुरक्षा कारणों के कारण रद्द करना पड़ा। जिसके बाद प्रधानमंत्री ने बठिंडा एयरपोर्ट पर वापस लौटते वक्त अफसरों से कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी को शुक्रिया कहना कि वह (नरेंद्र मोदी) एयरपोर्ट तक जिंदा लौट आए हैं।
पंजाब पुलिस ने सुझाया था रास्ता
दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह पंजाब के बठिंडा पहुंचे थे। पीएम को यहां से हेलिकाप्टर से हुसैनीवाला स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था, लेकिन बारिश और खराब विजिबिलिटी के चलते पीएम ने करीब 20 मिनट तक मौसम साफ होने का इंतजार किया। इसके बाद जब मौसम में सुधार नहीं हुआ तो ये तय हुआ कि वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय शहीद स्मारक का दौरा करेंगे जिसमें 2 घंटे से अधिक का समय लगना था। गृहमंत्रालय के अनुसार डीजीपी पंजाब पुलिस द्धारा आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की पुष्टि की गई, यानि पीएम की सुरक्षा का जिम्मा सांभलने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को बाय रोड फिरोजपुर पहुंचने का ये रास्ता पंजाब पुलिस ने ही बताया था। इसी रुट को पंजाब पुलिस ने सुरक्षित बताया था। इसके बाद पीएम सड़क मार्ग पर यात्रा के लिए आगे बढ़े। हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक से लगभग 30 किलीमीटर दूर जब पीएम का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो वहां पाया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को ब्लाक किया हुआ था। इसके बाद यहां पीएम मोदी को 15 से 20 मिनट तक फंसे रहना पड़ा। ये प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक माना जा रहा है।
सेंसेटिव इलाके में 20 मिनट खड़ा रहा काफिला
पंजाब में जिस स्थान पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफीला 20 मिनट खड़ा रहा वो स्थान काफी सेंसटिव माना जाता है। उसकी वजह है पाकिस्तान सीमा से सबसे करीब होना। इतना ही नहीं इस स्थान पर आंतकवादी घटनाऐं भी होती रही हैं। दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने ही उस रुट को चुना था और एसपीजी को ये रुट सुझाया था। यहां सवाल खड़ा होना लाजिमी है कि ये चूक है या फिर कुछ और। हालांकि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी कह रहे हैं कि इसमें खतरे वाली कोई बात नहीं थी, लोग अचानक ही आकर बैठक गये। वहीं पूरी बीजेपी पंजाब सरकार, कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमलावर है। लेकिन इन सबके बीच बड़ा सवाल यही कि देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक का जिम्मेदार आखिर कौन है?
फिरोजपुर का मुदकी एरिया है हाई सेंसटिव
पंजाब में फिरोजपुर जिले के अंदर मुदकी के पास नेशनल हाईवे पर जिस जगह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 20 मिनट रुकना पड़ा वह सबसे ज्यादा हाई रिस्क या हाईली सेंसटिव जोन में आता है।
इंडो पाक सीमा सबसे करीब थी
प्रधानमंत्री मोदी का काफिला जहां 20 मिनट रुका रहा वहां से इंडो पाक इंटरनेशनल बार्डर केवल 49 किलोमीटर दूर है। इसके साथ ही इस एरिया में आपराधिक गतिविधियां चलती रही हैं। यहां पर टिफिन बम और अन्य विस्फोटक पदार्थ भी कई दफा मिले हैं।
पंजाब पुलिस ने नहीं की सुरक्षा की पूरी तैयारी
पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई इस चूक को किसी भी कीमत पर नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। जिस तरह की स्थिति निर्मित हुई है उससे साफ नजर आता है कि पंजाब पुलिस ने पीएम सुरक्षा को लेकर ठोस तैयारी नहीं की थी। या फिर इस स्थिति की कोई और वजह तो नहीं ये भी बड़ा सवाल है।
12 दिन पहले तय हो गया था कार्यक्रम
जिस स्थान पर पीएम नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम था उसका ऐलान लगभग 12 दिन पहले हो गया था। इसके अलावा भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बार्डर के नजदीक बसे होने की वजह से फिरोजपुर पंजाब का बेहद सेंसटिव जिला है। दूसरी तरफ लुधियाना और पाठनकोट में हाल ही में हुए बम धमाकों के बाद पूरा पंजाब हाई अलर्ट पर है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर किए जोरदार हमले
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने कहा
पंजाब की कांग्रेस सरकार ने ऐसा करने में इस बात की भी परवाह नहीं की कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश के महान सपूत सरदार भगत सिंह और अऩ्य शहीदों को श्रृद्धांजलि देने वाले थे साथ ही राज्य में प्रमुख विकास कार्यों की आधारशिला रखने वाले थे।
एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। पंजाब के भंडिडा में पीएम नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। सीएम शिवराज का कहना है कि देश की करोड़ो करोड़ जनता का आशीर्वाद पीएम मोदी के साथ है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। लेकिन कांग्रेस, कांग्रेस सरकार व गांधी परिवार ने तो कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान
देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक की गई। पंजाब सरकार देश की जनता से माफी मांगे। कांग्रेस की साजिशें सफल नहीं होंगी।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी का आरोप
केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने पीएम की सुरक्षा में हुई चूक का ठीकरा पंजाब की कांग्रेस सरकार पर फोड़ा है। ईरानी ने सीधे कांग्रेस को प्रधानमंत्री के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए तीन सवाल भी दागे हैं।
एमपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा
काफिला रोका जाना केवल आंदोलन का विषय नहीं बल्कि ये पीएम मोदी की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही है। जो मुख्यमंत्री देश के पीएम को सुरक्षा नहीं दे सकता उसको पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनको तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस ने किया पलटवार
सीएम पंजाब चरणजीत सिंह चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा दस्ते ने ही सड़क के रास्ते फिरोजपुर जाने का फैसला लिया। प्रधानमंत्री को खतरे जैसी कोई बात नहीं हुई। और न ही कोई हमला हुआ। अचानक ही लोग सड़क पर जाकर बैठ गये थे।
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का बयान
प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी केन्द्र की होती है। एसपीजी ही रुट तय करती है। अगर कोई चूक हुई है तो उसकी जिम्मेदारी केन्द्र सरकार की है। असफलता केन्द्र सरकार की है राज्य सरकार का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

