
डेस्क रिपोर्टर
News World Deskलखनऊ, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। योगी आदित्यनाथ आज दोबारा सीएम पद की शपथ लेंगे। यूपी में 34 साल बाद ऐसा पहली बार हो रहा है जब लगातार दूसरी बार कोई सीएम पद की शपथ ले रहा हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी हो गईं हैं। योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह लखनऊ के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शाम 4 बजे होगा। पूरा लखनऊ शहर शपथ ग्रहण समारोह के पोस्टर्स से पटा पड़ा है। वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यकर्ता मंदिरों में पूजा कर रहे हैं।
इन्हें भी न्योता भेजा
योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई बड़े उद्योगपतियों को निमंत्रण भेजा गया है। इतना ही नहीं योगी आदित्यनाथ ने खुद फोन कर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, मायावती को शपथ ग्रहण समारोह शामिल होने का न्योता दिया। इसके अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी को भी न्योता दिया गया है।
योगी कैबिनेट में दिखेगी गुजरात मॉडल की झलक
योगी की शपथ के पहले मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए लखनऊ से लेकर दिल्ली तक भागदौड़ जारी है। वैसे, योगी 2.0 कैबिनेट में गुजरात मॉडल की झलक दिखेगी। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस बार के मंत्रिमंडल को 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाने के सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ये यूपी की फ्यूचर कैबिनेट हो जो अगले 15 साल तक काम कर सके। इस सुझाव को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी देश के गृहमंत्री और यूपी पर्यवेक्षण भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष के पास है।
40 से 44 मंत्री बनने की संभावना
पार्टी के वरिष्ठ नेता ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि योगी कैबिनेट इस बार गुजरात की तर्ज पर तैयार हो रही है। यह 15 साल के फ्यूचर प्लान को हासिल करेगी। अमित शाह के लखनऊ पहुंचने से पहले यूपी की पूरी कैबिनेट के नाम तय कर चुके हैं। योगी कैबिनेट में करीब 40 से 45 मंत्री बनाए जाने की संभावना है। मंत्रिमंडल में अधिकतम संख्या 60 है। इसलिए पूरी संभावना है कि इस बार का मंत्रिमंडल छोटा ही हो। ताकि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विस्तार करके जातीय समीकरण को दोबारा सेट किया जा सके।
ये बनेंगे मंत्री
इस बार योगी कैबिनेट में अरविंद कुमार शर्मा को जगह मिलना तय माना जा रहा है। पीएम मोदी के करीबी अरविंद 2 साल से आईएएस की नौकरी से वीआरएस लेकर यूपी की राजनीति में सक्रिय हुए हैं। उन्हें भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। कन्नौज से विधायक बने पूर्व आईपीएस असीम अरुण भी मंत्री बनाए जा सकते हैं।
विधायक दल के नेता बने योगी
गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में योगी आदित्यनाथ विधायक दल के नेता चुने गए। शाहजहांपुर से नवीं बार के विधायक सुरेश खन्ना ने योगी के नाम का प्रस्ताव रखा था। जिस पर बेबी रानी मौर्य, सूर्य प्रताप शाही, नंद गोपाल गुप्त नंदी समेत पांच विधायकों ने समर्थन दिया। फिलहाल डिप्टी सीएम को लेकर सस्पेंस बरकरार है। नेता चुने जाने के बाद योगी ने कहा, बिना डिगे बिना थके यूपी की जनता के लिए काम करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

