N
डेस्क रिपोर्टर
रायपुर, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। गांधी को अपशब्द कहने को लेकर मुझ पर एफ आई आर दर्ज हुई इसका मुझे कोई पश्चाताप नहीं है, मैं गांधी से नफरत करता हूं मैं गोडसे को कोटि-कोटि नमस्कार करता हूं, उनके चरणों में मेरा साष्टांग प्रणाम है। यह कहना है अपने आपको काली पुत्र बताने वाले महंत कालीचरण महाराज का।
गांधी ने सिर्फ बटवारा किया : कालीचरण
दरअसल रायपुर की धर्म संसद में जब महंत कालीचरण अपना वक्तव्य दे रहे थे उसी दौरान उन्होंने कहा था कि महात्मा गांधी ने वंशवाद को बढ़ावा दिया है। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी पर सुखदेव, राजगुरु, भगत सिंह की फांसी ना रुकवाने का भी आरोप लगाया था। रायपुर का वीडियो वायरल हुआ तो उसमें महंत कालिचरण कहते हुए दिखाई दे रहा हैं कि कोई राष्ट्र का पिता नहीं हो सकता राष्ट्रपिता बनाना है तो महाराणा प्रताप, शिवाजी, वलभ भाई पटेल को बनाया जाए। इन लोगों ने राष्ट्र के लिए काम किया है। गांधी ने तो सिर्फ बंटवारा किया है। इस मामले को लेकर कालीचरण पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है लेकिन अभी वो फरार चल रहे हैं।

मौत स्वीकार कर लूंगा : कालीचरण
दरअसल कालीचरण ने सोमवार को 8 मिनट 51 सेकंड का वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह अपनी बात पर अडिग दिखाई दे रहे हैं। अपने इस वीडियो में कालीचरण ने कहा कि गांधी को अपशब्द कहने पर मुझ पर एफआईआर दर्ज हुई इसका मुझे कोई अफसोस नहीं है, मैं गांधी से नफरत करता हूं और गोडसे को कोटि-कोटि नमस्कार करता हूं, उनके चरणों में साष्टांग प्रणाम करता हूं। उन पर हुई एफआईआर को लेकर भी उन्होंने वीडियो में कहा, यदि मुझे सच बोलने के लिए मृत्युदंड की सजा भी दी जाती है तो मैं मौत स्वीकार कर लूंगा। छत्रपति शिवाजी महाराज का उदाहरण देते हुए कालीचरण ने कहा कि जब वह धर्म के लिए अपने प्राणों को निछावर कर सकते हैं तो मुझ जैसे तुच्छ जंतु जी कर क्या करेंगे।
महाराष्ट्र में मिल रही लोकेशन
हालांकि रायपुर पुलिस ने कालीचरण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और धर्म संसद का आयोजन करवाने वाले व्यक्ति के बारे में भी जानकारी पुलिस जुटा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि कालीचरण की लोकेशन महाराष्ट्र में मिल रही है।

शिव तांडव गाने के बाद सुर्खियों में आए
अपने आपको काली पुत्र बताने वाले कालीचरण महाराज शिव तांडव को लेकर सुर्खियों में आए थे। दरअसल भोपाल के पास स्थित भोजपुर मंदिर में बीते सात जुलाई में कालीचरण महाराज ने शिव तांडव किया था, जिसका वीडियो जमकर वायरल हुआ उसके बाद कालीचरण महाराज सुर्खियों में आ गए। हालांकि कालीचरण महाराज अपनी बॉडी बिल्डिंग को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं। महाराज को गाने और बॉडी बिल्डिंग का भी शौक है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

