
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha
रिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ ने रोमांचक एयर शो का आयोजन किया। कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित हजारों लोग मौजूद रहे। दर्शकों ने वायु सेना के साहस और सटीकता का अद्भुत प्रदर्शन देखा।
तिरंगे के रंगों से सजा आसमान, गूंजा ‘जय जोहार’
एयर शो के दौरान जब विमानों ने आसमान में तिरंगे की आकृति बनाई और छत्तीसगढ़ निवासी स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से “जय जोहार” और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का जयघोष किया, तो पूरा सेंध जलाशय तालियों और नारों से गूंज उठा। वायु सेना के जांबाज़ पायलटों ने हार्ट, डायमंड, कॉम्बैट तेजस और वाई-फॉर्मेशन जैसी शानदार आकृतियाँ बनाईं, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
गरुड़ कमांडो ने दिखाया साहस, हेलीकॉप्टरों ने किया स्काई-ऑपरेशन
विंग कमांडर ए.वी. सिंह के नेतृत्व में वन-एफ-9 और वन-एफ-8 हेलीकॉप्टर यूनिट ने शानदार स्लीपरी और स्काई ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। ‘आदिदेव’ नामक हेलीकॉप्टरों से केवल 15 मीटर ऊंचाई पर 14 गरुड़ कमांडोज रस्सी के सहारे नीचे उतरे, जबकि आठ कमांडोज़ हवा में लटकते हुए हेलीकॉप्टरों के साथ गुजरे। यह प्रदर्शन युद्ध या आपदा के समय बचाव कार्यों की झलक पेश कर रहा था।
पायलटों ने दी राज्योत्सव की शुभकामनाएं
‘सूर्यकिरण’ टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने आसमान से प्रदेशवासियों को रजत जयंती की बधाई दी।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू की लाइव कमेंट्री ने दर्शकों को विमानों की तकनीक, सटीकता और पायलटों के अनुशासन से रूबरू कराया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्रीगण और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम
भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team)’ की स्थापना वर्ष 1996 में की गई थी। यह टीम एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम है, जो देश में निर्मित एचएएल हॉक एमके-132 विमानों का संचालन करती है। अब तक यह टीम भारत और विदेशों में 700 से अधिक एयर शो में अपनी सटीकता और टीमवर्क का प्रदर्शन कर चुकी है। टीम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का संचार करना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

