
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - मनमोहन नेताम
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इस महीने के अंत में देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक की मेज़बानी करने जा रही है। DG कॉन्फ्रेंस (Director Generals Conference) का आयोजन नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में किया जाएगा। यह सम्मेलन देश की आंतरिक सुरक्षा रणनीतियों को दिशा देने वाला माना जाता है।इस तीन दिवसीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल सहित देशभर के पुलिस महानिदेशक (DGP) और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे।
पीएम और गृह मंत्री लेंगे सीधे फीडबैक
कांफ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सीधे तौर पर अधिकारियों से मैदान स्तर पर सुरक्षा अभियानों की जानकारी और फीडबैक लेंगे। इस बार बैठक का फोकस लेफ्ट विंग एक्स्ट्रीमिज्म (LWE) यानी नक्सलवाद के खात्मे पर रहेगा।
31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लक्ष्य को लेकर इसमें अंतिम रणनीति और कार्रवाई योजना पर चर्चा की जाएगी।
तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर
कॉन्फ्रेंस में आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुरक्षा चुनौतियों और राज्यों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा। देश के शीर्ष अधिकारी मिलकर आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नई रूपरेखा तैयार करेंगे।
रायपुर में खास तैयारियां
तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर में ही रुकने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, PM के ठहरने की व्यवस्था स्पीकर हाउस में की जा सकती है, जबकि सभी अतिथियों के लिए शासकीय भवनों में आवास की तैयारी की जा रही है।
राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस सम्मेलन को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

