
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - आनंद
महासमुंद । प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के काफिले में शामिल एक वाहन के पलट जाने से छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) का जवान घायल हो गया। घायल जवान की पहचान आरक्षक प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना नेशनल हाईवे-53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडार काष्ठागार के पास शाम के समय हुई। बताया जा रहा है कि मंत्री राजेश अग्रवाल, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र ऐतिहासिक पर्यटन स्थल सिरपुर गए थे। वापसी के दौरान काफिले में चल रही फॉलो वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गई।
दुर्घटना में घायल आरक्षक प्रदीप कुमार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सुचारु किया। वहीं, मंत्री राजेश अग्रवाल ने घटना पर चिंता जताते हुए घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

