रविवार, 08 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh
अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को किया जब्त
26 दिस, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
seized tractor-trolleys

seized tractor-trolleys

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर की टीम ने गश्ती के दौरान अरपा नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर पकड़ा। यह कार्रवाई कलमीटार बीट के कक्ष क्रमांक पी-1586 में की गई। सभी ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रेत भरी हुई थी, जिसमें लगभग 11 घन मीटर अवैध रेत जब्त की गई।

पकड़े गए सभी ट्रैक्टर वाहन स्वामियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 87/18 बनाकर वाहनों को राजसात करने के लिए अधिकृत अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड की ओर से अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रबंध संचालक के निर्देश पर सभी परियोजना मंडलों में नियमित दिन एवं रात्रि गश्त की जा रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव वन सुरक्षा पर दिखाई दे रहा है।

 

वन अपराध पर त्वरित और सख्त कार्रवाई के लिए प्रबंध संचालक प्रेमकुमार ने पूरी टीम को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को वन क्षेत्रों में इसी प्रकार सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। आगामी वर्ष के गोपनीय प्रतिवेदन में वन सुरक्षा एवं संवर्धन में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका का उल्लेख किया जाएगा।

 

पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देता था वाहन मालिक

जांच में यह भी सामने आया कि अवैध उत्खनन के मामलों में कई बार वाहन मालिक पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देता है। चेसिस नंबर के आधार पर परिवहन विभाग से वाहन मालिक की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह अभियान क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक कोटा परियोजना मंडल सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान में वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल रहे।




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें