
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinha
रिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी
रायपुर । राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर, माना कैम्प के समीप निर्मित स्टेट हैंगर का आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री साय अपने गुजरात प्रवास हेतु इसी हैंगर से रवाना हुए। यह पहल न केवल राज्य में वीवीआईपी उड़ानों की व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि आम यात्रियों को भी राहत देगी। अब एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान होने वाली भीड़भाड़ और असुविधा से छुटकारा मिलेगा।
राज्य को मिली नई विमानन सुविधा
स्टेट हैंगर के परिचालन से वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान की प्रक्रिया अब और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगी। यह हैंगर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और सीधे टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से रनवे से जुड़ा है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट अब बिना रुकावट के संपन्न हो सकेगा।
6.50 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा वर्ष 2012 में लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से इस हैंगर का निर्माण किया गया था। हालांकि, इसके परिचालन के लिए आवश्यक DGCA और BCAS की मंजूरी हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुई, जिसके बाद आज से इसका नियमित संचालन आरंभ हो गया है।
रखरखाव की सुविधा भी यहीं मिलेगी
राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए भी अब यही नया हैंगर उपयोग में लाया जाएगा। इससे पहले रखरखाव के लिए एयरपोर्ट परिसर में स्थित किराए के हैंगर पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब यह आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उप सचिव सूरज साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

