
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी के साइंस कॉलेज में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने योगाभ्यास किया। कहा कि योग न केवल स्वस्थ जीवन के निर्माण के लिए बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि जिन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जाता है, वह उद्देश्य आज सफल हो रहा है। योग का प्रचार और प्रसार आज पूरी दुनिया में हो रहा है। भारत में भी इसे लेकर अद्भुत जागरूकता आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का सुझाव दिया था, जिसके परिणामस्वरूप ही पूरे विश्व में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
योग हमारे मन और मस्तिष्क को आपस में जोड़ता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग का अर्थ होता है जोड़ना। योग की प्राचीन परंपरा हम सभी को स्वस्थ जीवन पद्धति से जोड़ती है। योग हमारे मन और मस्तिष्क को आपस में जोड़ता है। योग की प्रक्रिया हमें आध्यात्म और उच्च जीवन मूल्यों से भी जोड़ती है। उन्होंने कहा कि लोग स्व-स्फूर्त योग करने के लिए साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे और सामुहिक योग में शामिल हुए। श्री साय ने कहा कि व्यक्ति से ही समाज का निर्माण होता है। योग केवल स्वस्थ जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भी जरूरी है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को समझ रही है और अपना रही है। हमारी सरकार योग आयोग के माध्यम से प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को योग से जोड़ने के लिए लगातार काम करेगी।
योग से एकाग्रता आती है और याददाश्त बढ़ती है
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि आप सभी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे तो आपका विद्यार्थी-जीवन संवर जाएगा। योग से एकाग्रता आती है और याददाश्त बढ़ती है। निश्चित रूप से आपको इसका बड़ा लाभ मिलेगा। योग कार्य करने की क्षमता को बढ़ा देता है। यह तनाव को दूर करता है। जब हम सकारात्मक रहते हुए प्रसन्न भाव से काम करते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव हमारी कार्यक्षमता में पड़ता है और हमारी छवि अच्छी बनती है, हमारा कैरियर भी संवरता है।
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, योग आयोग के सचिव पंकज वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आम नागरिक एवं विद्यार्थी शामिल हुए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

