
रायपुर। इस समय परीक्षाओं का माहौल चल रहा है। विद्यार्थी बेहतर करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। विद्यार्थियों के मन में उत्साह के साथ परीक्षा का तनाव भी है। इस तनाव और परीक्षा के डर दूर को भगाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों के लिए ‘प्रेरक पाती’ लिखी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विद्यार्थियों को परीक्षाओं के अवसर पर आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों के नाम लिखे संदेश में कहा है कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जिसमें उत्साह के साथ थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा है कि परीक्षाओं का समय आ गया है। वह जानते हैं कि इन दिनों विद्यार्थियों के मन में उत्साह भी है और थोड़ा सा तनाव भी। सबसे पहले यह जान लीजिए- विद्यार्थी अकेले नहीं हैं, हम सब उनके साथ हैं। उन्होंने कहा है कि परीक्षाओं का समय कभी-कभी मन में घबराहट भी लेकर आता है। यदि आपको डर लग रहा है तो इसका अर्थ है कि आप अपनी पढ़ाई और अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं।
डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत
मुख्यमंत्री ने कहा है कि ‘डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। आपने पूरे वर्ष मेहनत की है। हर दिन का प्रयास, हर अभ्यास, हर दोहराव- सब आपकी ताकत बनकर आपके साथ खड़े हैं।’ उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के सभी विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे
इन बातों का ध्यान रखने का दिया सुझाव
. सभी विद्यार्थी नियमित पढ़ाई करें।
. कठिन विषयों को दोहराएं।
. समय का संतुलन बनाए रखें।
. पर्याप्त नींद लें।
. पौष्टिक भोजन करें।
. कुछ समय के लिए मोबाइल से दूरी बनाएं।
. अपने लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

