
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से कवर्धा में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने के लिए योगदान देने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया गया। उपमुख्यमंत्री ने खुद आभार व्यक्त किया।
कवर्धा के जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों के चिकित्सक समारोह में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने सभी को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी से कवर्धा में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जिले के सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया।
यह काम सेवा भावना से ही किया जा सकता है
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चिकित्सक आधे भगवान होते हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने का कार्य करते हैं। यह काम सेवा भावना से ही किया जा सकता है। यहां कवर्धा के स्थानीय चिकित्सकों के साथ बाहर से आए चिकित्सकों ने भी कवर्धा को अपना कर यहां के लोगों की पूरे मन से सेवा की है, जिसके लिए पूरा कवर्धा आपका आभारी है।
कवर्धा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दी जानकारी
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल हेतु 40 पद की स्वीकृति, जिला अस्पताल कबीरधाम में 16.63 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक, सिटी स्कैन, अत्याधुनिक इंट्रीगेटेड पब्लिक हेल्थ लैब, ओटी एवं हमर लैब में पॉवर बैकअप प्रणाली, जिला चिकित्सालय कबीरधाम की क्षमता 100 बिस्तर बढ़ाकर 220 बिस्तर करने एवं इसके लिए 258 नवीन पदों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। सबसे अहम 318.27 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति मिली है, जिससे अब कवर्धा मेडिकल हब बनने जा रहा है। यहां महानगरों जैसी सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री 11 दिसंबर को करेंगे मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इस मेडिकल कॉलेज की आधारशिला का पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उपमुख्यमंत्री ने शिलान्यास का साक्षी बनने के लिए उन्होंने सभी को आमंत्रित किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

