
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार सुबह पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। पुनर्वासित युवक-युवतियों मुलाकात की। पुनर्वासित युवाओं के साथ बैठकर नाश्ता किया और कहा कि वे अपने घर-परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखें।
उपमुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं से कहा कि वह मोबाइल के माध्यम से भी नियमित रूप से घरवालों से बातचीत कर हालचाल लेते रहें। सभी पुनर्वासित युवाओं को निशुल्क मोबाइल फोन भी उपलब्ध कराए गए हैं। पुनर्वासित युवाओं ने बताया कि रविवार को बीजापुर के साप्ताहिक बाजार में उनके परिजन आते हैं। इस उपमुख्यमंत्री ने कहा युवाओं से उनके परिजन पुनर्वास केंद्र में आकर मुलाकात कर सकते हैं।
पुनर्वासित युवक-युवतियों ने बताया कि वे मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप, यूट्यूब के साथ-साथ ऑनलाइन शॉपिंग का भी उपयोग कर रहे हैं। मोबाइल सुविधा और पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर युवाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। श्री शर्मा ने बस्तर ओलंपिक में शामिल युवाओं से उनके अनुभव भी साझा किए। कबड्डी, रस्साकसी सहित विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले युवाओं ने अपने अनुभव बताए।
बस्तर पंडुम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का किया आह्वान
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं से बस्तर पंडुम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि बस्तर की समृद्ध संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सके। युवाओं ने इसमें भाग लेने को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने ने युवाओं को पुनर्वास केंद्र में संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मन लगाकर ज्ञान अर्जित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कई युवा अभी असाक्षर हैं, जिन्हें साक्षरता कार्यक्रम के तहत पढ़ाई से जोड़ा गया है और साक्षरता परीक्षा में भी शामिल किया जा रहा है।
बस्तर का वनोपज बस्तर की समृद्धि का प्रतीक
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से बस्तर के बहुमूल्य वनोपज जैसे इमली, टोरा, महुआ, आंवला, चिरौंजी और तेंदूपत्ता के संग्रहण की जानकारी ली। उन्होंने वनोपज के वैज्ञानिक संग्रहण, प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि बस्तर का वनोपज बस्तर की समृद्धि का प्रतीक है। सही तरीके से प्रसंस्करण कर शासन की योजनाओं से जुड़कर युवा आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। इसके लिए शासन की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, सचिव पंचायत विभाग भीम सिंह, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, संचालक अश्विनी देवांगन, कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

