
रायपुर। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल पुलिस के जवानों से शनिवार को मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। घायल जवानों का राजधानी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डिप्टी सीएम ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही जवानों के परिजनों से भी बात की।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घायल जवानों से घटना की जानकारी प्राप्त की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। अस्पताल में उपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर व समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान में तैनात हमारे जवान अत्यंत साहस-समर्पण के साथ देश-प्रदेश की सुरक्षा में लगे हैं और उनका त्याग अतुलनीय है।
25 जनवरी को 6 आईईडी विस्फोट हुए थे
बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में 25 जनवरी को एक के बाद एक कुल छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट हुए थे। इन विस्फोटों की चपेट में आने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। यह घटना उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, उनका उपचार एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। इनमें से 6 जवानों को उपचार बाद स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

