
रायपुर। 15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष कलेक्ट्रेट में अपर मुख्य सचिव व रायपुर जिले की प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों, जिससे किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या न हो। भुगतान जल्द किया जाए।
प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा ने कहा कि कोचियों और अवैध धान विक्रय-परिवहन पर निगरानी रखे और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खरीदी में धान की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए। तेजी से धान का उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेकिंग धान की किस्म के अनुसार सही तरीके से की जाए। ऋचा शर्मा ने सभी उपार्जन केंद्रों में कॉल सेंटर के नंबर चस्पा किए जाने के निर्देश दिए, जिससे किसान किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल दे सकें और उसका निराकरण समयबद्ध रूप से किया जा सके।
रायपुर जिले में कुल 1,34,037 किसान पंजीकृत
बैठक में जानकारी दी गई कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए रायपुर जिले में कुल 1,34,037 किसान पंजीकृत हैं। 1,26,921 हेक्टेयर क्षेत्र में धान का रकबा है। जिले में 139 उपार्जन केंद्र है। जिला स्तरीय कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जिसमें जिला और ब्लॉक स्तरीय दल एवं उड़नदस्ता का गठन किया गया है। रायपुर जिले में अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 5 चेक पोस्ट बनाए गए हैं तथा 43 कर्मियों की तैनाती उड़नदस्ते में की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों का चिन्हांकन कर प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही तहसीलदार की अध्यक्षता में गुणवत्ता जांच दल का गठन एवं बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

