
रायपुर। राजधानी में आयोजित सांसद खेल महोत्सव ‘फिट युवा, विकसित भारत’ गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खिलाड़ियों के सपनों को पंख देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री मनसुख मांडविया और देशभर के सांसद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ‘फिट युवा, विकसित भारत’ जैसे आयोजन युवा पीढ़ी में खेल संस्कृति को मजबूत बनाते हैं। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए सशक्त मंच प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव लगभग चार महीनों तक रायपुर संसदीय क्षेत्र के 36 विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया। इसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने इस व्यापक और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल को विशेष बधाई दी।
अनुशासन, टीम-स्पिरिट, समर्पण और सतत अभ्यास के गुण ही किसी को बनाते हैं महान खिलाड़ी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेलों में केवल पहला, दूसरा या तीसरा स्थान ही सबकुछ नहीं होता, बल्कि अनुशासन, टीम-स्पिरिट, समर्पण और सतत अभ्यास के गुण ही किसी को महान खिलाड़ी बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महोत्सव से अनेक खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे। ऐसे आयोजनों से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।
सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। छत्तीसगढ़ में खेल अलंकरण समारोह फिर से शुरू किया गया है। ओलंपिक में प्रदेश के खिलाड़ी के चयन पर 21 लाख रुपये व स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वर्ष 2026 में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली है, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
पढ़ाई-लिखाई ही नहीं, खेल-कूद भी जीवन में समान रूप से महत्वपूर्ण: बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव ‘फिट युवा, विकसित भारत’ का शुभारंभ 29 अगस्त को हुआ था। यह आयोजन रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 36 स्थानों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई-लिखाई ही नहीं, खेल-कूद भी जीवन में समान रूप से महत्वपूर्ण है और इसी के माध्यम से बच्चे देश-प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। इस महोत्सव में 542 गांवों से सहभागिता रही और 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो पूरे देश में रिकॉर्ड भागीदारी है। महोत्सव में पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। गेड़ी प्रतियोगिता में 70 वर्ष की महिलाओं की सहभागिता रही। कबड्डी, फुगड़ी, वॉलीबॉल जैसे खेलों में उत्साहपूर्ण प्रदर्शन रहा। ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की ओर से रस्साकशी में भागीदारी की गई।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, विधायक किरण सिंह देव, ज़िला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिस्वरंजन सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं नागरिक उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

