
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - आनंद भोई
महासमुंद। जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गैस रिफिलिंग के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ग्राम चिवराकुटा के पास बीती रात 6 कैप्सूल ट्रकों सहित 100 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। दरअसल, एसडीएम अनुपमा आनंद अपनी टीम के साथ अवैध धान परिवहन की जांच के लिए रात्रि गश्त पर निकली थीं। इसी दौरान ग्राम चिवराकुटा के पास एक संदिग्ध कैप्सूलनुमा ट्रक को जाते देखा गया। ट्रक पर इंडियन गैस अंकित था, जिससे संदेह और गहरा गया। टीम ने ट्रक का पीछा किया तो राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे एक गोदामनुमा खुले मैदान में कई कैप्सूल ट्रकों से घरेलू गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से रिफिलिंग की जा रही थी।
प्रशासनिक टीम को देखते ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक और रिफिलिंग कराने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया। इसके बाद एसडीएम ने तत्काल सिंघोड़ा थाना पुलिस और खाद्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। संयुक्त कार्रवाई में 6 कैप्सूल ट्रक और 100 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थल पर अवैध रिफिलिंग की जा रही थी, वह वन भूमि बताई जा रही है, जिसे कथित तौर पर किसी व्यक्ति को वन अधिकार पट्टे के तहत आवंटित किया गया था। हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह भूमि किसके नाम पर है, अवैध रिफिलिंग का संचालन कौन कर रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग जैसे खतरनाक और गैरकानूनी गतिविधियों पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

