
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - सुनील चौहान
दुर्ग । छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को पूजा-पाठ के जरिये रकम को सौ गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक लाख रुपये नकद और एक सफेद अर्टिगा कार जब्त की गई है।
आर्थिक तंगी में फंसा ड्राइवर बना शिकार
मामले की शुरुआत तब हुई जब ड्राइवर रामकुमार जायसवाल, जो आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, ने अपने परिचित राजू (निवासी जामगांव) से मदद मांगी। राजू ने उसे महाराष्ट्र के छोटू नामक व्यक्ति का नंबर दिया और बताया कि वे पूजा-पाठ करके पैसा सौ गुना बढ़ा देते हैं।
महाराष्ट्र की महिला ने दिलाया भरोसा
छोटू ने रामकुमार को यवतमाल (महाराष्ट्र) की महिला मंदा पासवान से संपर्क करने की सलाह दी। मंदा पासवान ने दावा किया कि वह 11 लाख को 11 करोड़ में बदल सकती है। भरोसा जताते हुए वह दुर्ग पहुंची और बस स्टैंड के पास रामकुमार से मिली। वह सफेद अर्टिगा कार में अपने दो साथियों के साथ आई थी।
‘पूजा’ के बहाने गायब हुए आरोपी
रामकुमार ने पूजा के लिए एक लाख रुपये, चावल, आटा, नींबू और अन्य सामान उपलब्ध कराया। पूजा शुरू हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद मंदा पासवान ने सिंदूर की डिब्बी लाने को कहा। जब रामकुमार लौटा, तो तीनों आरोपी कार समेत फरार हो चुके थे।
पुलिस की तत्परता से हुई गिरफ्तारी
शिकायत मिलते ही पुलगांव पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि फरारी के दौरान आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी।
गिरोह का नेटवर्क तलाश रही पुलिस
जांच में पता चला है कि यह गिरोह महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी कर चुका है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

