रविवार, 08 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh
अवैध खनिज खनन और परिवहन पर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने 5 वाहन किए जब्त
09 दिस, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
Seized truck

Seized truck

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग और उड़नदस्ता दल ने बम्हनीडीह, पुछेली, बिर्रा, कनस्दा, हथनेवरा और पीथमपुर क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। 5 वाहन जब्त किए गए। 

अवैध परिवहन में ग्राम पुछेली से एक ट्रैक्टर, पीथमपुर से एक हाईवा, कनस्दा से एक ट्रैक्टर और बम्हनीडीह क्षेत्र से दो हाईवा जब्त किए गए। सभी वाहनों को पुलिस रक्षित केंद्रों और संबंधित थानों में सुरक्षा के लिए रखा गया है। जिला खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू के मुताबिक जिले में अब तक अवैध गतिविधियों के खिलाफ कुल 76 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 66 अवैध परिवहन, 6 अवैध उत्खनन और 4 अवैध भंडारण के मामले शामिल हैं। इन मामलों में कुल 24,65,550 रुपये की शास्ति राशि वसूलकर खनिज मद में जमा की गई है।

 

ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की शुरू कर दी गई प्रक्रिया 

अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुनरावृत्ति होने पर संबंधित मामलों में न्यायालयीन परिवाद दर्ज किए जाएंगे।

 

अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन रोकथाम के लिए खनिज अमला और जिला स्तरीय टास्क फोर्स की ओर से लगातार गश्त व जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें