
रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरुवार को गांव–बस्ती चलो अभियान के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महावीरपुर और संजय नगर का दौरा किया। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनसमस्याओं का समाधान सीधे जनता के बीच जाकर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
प्रवास के दौरान मंत्री ग्राम महावीरपुर में नाली निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुईं। ग्राम संजय नगर में नवनिर्मित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के ये विकास कार्य ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ जनजीवन को अधिक सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनमत बछाड़, महिला मोर्चा सूरजपुर जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास, मंडल अध्यक्ष हरीश राजवाड़े सहित दोनों ग्रामों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

