
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - सुनील चौहान
रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला की पहचान पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं है। उनकी सेहत की जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर ली और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रधानमंत्री ने बहू रेणु देशमुख से की बात
राजधानी रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने तीजन बाई की बहू रेणु देशमुख से करीब 1 मिनट 18 सेकंड तक बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने तीजन बाई के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। रेणु देशमुख ने बताया कि तीजन बाई इन दिनों खाना नहीं खा पा रही हैं, इसलिए उन्हें सूप बनाकर पिलाया जाता है।
परिवार हुआ भावुक
प्रधानमंत्री की संवेदनशील पहल से परिवार भावुक हो गया। रेणु देशमुख ने बताया कि प्रधानमंत्री की चिंता सुनकर परिवार को बहुत संबल मिला है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ली जानकारी
प्रधानमंत्री की बातचीत के बाद दुर्ग कलेक्टर अभिषेक सिंह और एसडीएम गनियारी स्थित तीजन बाई के निवास पहुंचे। अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिवार को सहयोग का भरोसा दिया।
परिवार ने रखी विशेष मांग
रेणु देशमुख ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इसलिए सरकार से निवेदन है कि परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि घर का गुजारा ठीक से हो सके।
पंडवानी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली लोक कलाकार
गौरतलब है कि तीजन बाई ने पंडवानी लोककला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व पटल पर पहुंचाया है। कला के प्रति उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे सम्मान मिल चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

