मंगलवार, 10 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर, प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने: विष्णुदेव साय
24 अक्टू, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai

Cm vishnu dev sai

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस दौरान प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने। प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव व प्रगति की झलक हर स्थल पर दृष्टिगोचर हो। उन्होंने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की रूपरेखा, सभागार व्यवस्था, मंच और आमंत्रित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने ध्यान केंद्र के सभागार, मेडिटेशन रूम एवं बाहरी परिसर का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिवए राहुल भगत उपस्थित थे।

शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का किया निरीक्षण 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का अमर प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संग्रहालय के प्रत्येक अनुभाग को इस प्रकार तैयार किया जाए कि वह आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्याय से गहराई से परिचित करा सके। उन्होंने प्रदर्शनी दीर्घाओं, मल्टीमीडिया गैलरी, स्मृति कक्ष और बाहरी परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा- आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी दौरा किया और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग क्षेत्र, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों का निरीक्षण किया।उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और सुरक्षा, स्वच्छता तथा आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें