
रायपुर। संत बाबा गुरु घासीदासजी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में अब न्यूरोसर्जन, यूरो सर्जन व नेफ्रोलॉजी डॉक्टर की भी उपलब्धता होगी। संबधित बीमारी से पीड़ित मरीज उपचार करा संकेंगे। न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक, यूरोसर्जन डॉ केडी. खरे और नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल सप्ताह में एक दिन परामर्श देकर इलाज करेंगे।
दिवंगत अधिष्ठाता डॉ. विनीत जैन की ओर से किए गए प्रयासों की वजह से विशेषज्ञ चिकित्सक सप्ताह में एक दिन अपनी सेवाएं देने जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति को रायगढ़ मेडिकल कालेज में आने वाले मरीजों के लिए लाभदायक बताया है। उन्होंने कहा कि शासन का प्रयास है कि लोगों को उनके शहरों और गांवों के आसपास ही बेहतर और उच्च चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों ताकि उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी न तय करनी पड़े। तत्काल और बेहतर इलाज से उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिले।
चिकित्सकों की उपलब्धता की समयसारिणी
अस्पताल अधीक्षक डॉ एमके मिंज ने बताया कि न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन), प्रत्येक मंगलवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक, यूरो सर्जन डॉ केडी खरे (मूत्ररोग विशेषज्ञ ) शुक्रवार को चिकित्सालय के भूतल में सर्जरी विभाग की ओपीडी कक्ष संख्या 01 में और नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ ) चिकित्सालय के प्रथम तल में मेडिसिन विभाग के ओपीडी कक्ष क्रमांक 01 में सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक चिकित्सा परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे।
डॉ. नितीश नायक न्यूरोसर्जन (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन) "मस्तिष्क की गांठ, ब्रेन ट्यूमर,स्पाइनल इंज्यूरी,साईटिका, मस्तिष्क की गंभीर चोट, दिमाग का इन्फेक्शन होना, रक्त का थक्का (स्ट्रोक), कमर दर्द, लकवा की बीमारी, रीढ़ की हड्डी का दर्द, मांसपेशी (नसों) के दर्द चलने में कठिनाई, मांसपेशी का कमजोर होना, सिरदर्द, हाथ पांव में दर्द, उठने-बैठने में परेशानी होना और मिर्गी चक्कर आना आदि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे।
डॉ. केडी खरे यूरो सर्जन (मूत्ररोग विशेषज्ञ ) पुरुषों और महिलाओं की मूत्र प्रणाली (गुर्दे, मूत्राशय, मूत्रवाहिनी, मूत्रमार्ग) और पुरुषों के प्रजनन अंगों (प्रोस्टेट, लिंग, अंडकोश, वृषण) से जुड़ी बीमारियों का इलाज जैसे कि गुर्दे की पथरी, मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI), प्रोस्टेट की समस्याएं, मूत्र असंयम, बांझपन, कैंसर (मूत्राशय, किडनी, प्रोस्टेट), और स्तंभन दोष (इरेक्टाइल डिसफंक्शन) आदि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे।
डॉ. मीना पटेल नेफ्रोलॉजिस्ट (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ) गुर्दे से जुड़ी बीमारियों, जैसे क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD), किडनी फेलियर, किडनी स्टोन, किडनी इन्फेक्शन, हाई ब्लड प्रेशर,डायलिसिस और मधुमेह और उच्च रक्तचाप से होने वाली किडनी समस्याओं से संबंधित गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

