
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - सुनील चौहान
भिलाई। जयंती स्टेडियम के समीप 25 दिसंबर से प्रारंभ होने जा रही बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा को लेकर सोमवार को आयोजन स्थल पर विधिवत ध्वज पताका पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पूजा-अर्चना कर ध्वज पताका फहराई और धार्मिक आयोजन की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर भगवान गणेश एवं माता गौरी का विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात पूर्ण विधि-विधान के साथ कथा स्थल पर ध्वज की स्थापना कर श्री हनुमंत कथा आयोजन की नींव रखी गई। कार्यक्रम में आयोजक राकेश पांडे, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पांडे सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बागेश्वर धाम से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भिलाई आगमन धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ध्वज पताका फहराने के साथ ही कथा और धार्मिक अनुष्ठानों की विधिवत शुरुआत हो चुकी है। धर्मांतरण के मुद्दे पर गृहमंत्री ने कहा कि अवैध रूप से हो रहे धर्मांतरण पर रोक आवश्यक है और इस दिशा में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धर्मांतरण को लेकर एक नया कानूनी प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही सामने लाया जाएगा। नक्सल उन्मूलन पर उन्होंने कहा कि सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं और तय समय में नक्सलवाद समाप्त होगा।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने आयोजन के लिए पूर्व सांसद सरोज पांडे एवं आयोजक राकेश पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई दी। गौरतलब है कि श्री हनुमंत कथा 29 दिसंबर तक चलेगी, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

