
रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से स्पेशल एजुकेटर के 100 पदों पर सीधी भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची जारी कर दी गई है। 28 अक्टूबर को दावा-आपत्ति ली जाएगी।
संचालनालय ने 18 अक्टूबर को स्पेशल एजुकेटर पद के लिए प्राप्त आवेदनों में से मान्य और अमान्य आवेदनों की सूची जारी की थी। इस सूची के संबंध में 22 और 23 अक्टूबर 2025 को अभ्यर्थियों से दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। लोक शिक्षण संचनालय के अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण और निराकरण दावा-आपत्ति समिति की ओर से कर लिया गया है। इसके बाद स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक) के लिए पात्र अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची तैयार की गई है, जिसे संचालनालय की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर प्रकाशित किया जा रहा है।
पात्र अभ्यर्थियों से उक्त अंतरिम सूची के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए दिनांक 28 अक्टूबर को दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को खुद उपस्थित होकर लोक शिक्षण संचालनालय, प्रथम तल, खण्ड-C, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में अपने दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत करने होंगे। अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
वर्तमान अंतरिम सूची पर केवल पात्र अभ्यर्थियों से ही दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी
अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि पूर्व में अमान्य किए गए अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति पहले ही स्वीकार की जा चुकी है, अतः वर्तमान अंतरिम सूची पर केवल पात्र अभ्यर्थियों से ही दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। साथ ही यह भी उल्लेखनीय है कि सूची में अभ्यर्थी को पात्र दर्शाया जाना उसके चयन की गारंटी नहीं माना जाएगा। अभ्यर्थी पात्रता सूची देखने एवं दावा-आपत्ति से संबंधित सभी जानकारी संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट
https://eduportal.cg.nic.in/ पर प्राप्त कर सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

