
डेस्क रिपोर्टर
Sandeep Sinhaरिपोर्ट - प्रशांत द्विवेदी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने जुएल ओराम के छत्तीसगढ़ आगमन पर आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को राज्य सरकार द्वारा आदिवासी समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली है, जिसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने राज्य सरकार द्वारा जनजातीय उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

