
पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। खबर है कि वे गुरुवार, 5 मार्च को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो बिहार को जल्द ही नया मुख्यमंत्री मिल सकता है और राज्य की राजनीतिक तस्वीर भी बदल सकती है।
आज हो सकता है राज्यसभा के लिए नामांकन
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने नामांकन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं। इसी दिन पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि इसी दौरान नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर औपचारिक घोषणा हो सकती है। हालांकि अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अगर नीतीश राज्यसभा गए तो बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री
अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाते हैं, तो बिहार में नया मुख्यमंत्री चुनना होगा। सूत्रों के मुताबिक इस बार मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा से चेहरा सामने आ सकता है। एनडीए सरकार में भाजपा के पास पहले से दो उपमुख्यमंत्री हैं, इसलिए पार्टी के भीतर कई नाम इस पद के लिए चर्चा में हैं।
सीएम पद के प्रमुख दावेदार
बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं:
सम्राट चौधरी (उपमुख्यमंत्री)
विजय कुमार सिन्हा (उपमुख्यमंत्री)
दिलीप जायसवाल
संजीव चौरसिया (भाजपा विधायक)
इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को भी इस दौड़ का मजबूत ‘डार्क हॉर्स’ माना जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री पद के लिए भी चल रही चर्चा
अगर मुख्यमंत्री भाजपा से बनता है तो नई सरकार में राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए जेडीयू को अहम भूमिका दी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक जेडीयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। इन पदों के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें शामिल हैं: विजय चौधरी और निशांत कुमार (नीतीश कुमार के बेटे)। हालांकि इन नामों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार का राजनीतिक समीकरण कैसे बदल सकता है
फिलहाल बिहार में एनडीए की सरकार है, जिसमें सत्ता की कमान जेडीयू के पास है।
मुख्यमंत्री – नीतीश कुमार (जेडीयू)
उपमुख्यमंत्री – सम्राट चौधरी (भाजपा)
उपमुख्यमंत्री – विजय कुमार सिन्हा (भाजपा)
लेकिन अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकता है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री पद भाजपा के पास जा सकता है और जेडीयू को गठबंधन में दूसरी भूमिका निभानी पड़ सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

