
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। यूएई में कुछ समय तक फ्लाइट संचालन बंद रहने और अब सीमित उड़ानें शुरू होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि दुबई से मुंबई की फ्लाइट का किराया कई गुना बढ़ गया है। जहां सामान्य दिनों में टिकट करीब 15 से 18 हजार रुपए में मिल जाता था, वहीं अब यही किराया 60 हजार से लेकर 1.21 लाख रुपए तक पहुंच गया है।
इंदौर के 8 लोग दुबई में फंसे
उड़ानों में आई बाधा का असर भारतीय यात्रियों पर भी पड़ा है। मध्य प्रदेश के इंदौर से गए आठ लोगों का एक समूह दुबई में फंस गया। ये लोग 2 मार्च को भारत लौटने वाले थे, लेकिन उनकी फ्लाइट अचानक रद्द हो गई। इसके बाद उन्हें चार दिनों तक दुबई में रुकना पड़ा। बाद में इन यात्रियों ने दुबई से लगभग 160 किलोमीटर दूर फुजैरा से मुंबई के लिए टिकट बुक कराया। इस यात्रा के लिए प्रत्येक यात्री को करीब 85 हजार रुपए का किराया चुकाना पड़ा। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन का कहना है कि सीमित उड़ानों और रूट में बदलाव के कारण फिलहाल टिकट के दाम असामान्य रूप से बढ़ गए हैं।
दुबई-मुंबई रूट पर किराए में भारी उछाल
फ्लाइट टिकट के दाम अलग-अलग तारीखों पर भी काफी ऊंचे बने हुए हैं।
दुबई से मुंबई फ्लाइट टिकट के अनुमानित किराए:
6 मार्च: 78 हजार से 1.21 लाख रुपए
7 मार्च: 61 हजार से 1.18 लाख रुपए
8 मार्च: 54 हजार से 1.09 लाख रुपए
9 मार्च: 27 हजार से 82 हजार रुपए
10 मार्च: 18 हजार से 1.09 लाख रुपए
एयरलाइंस और ट्रेवल एजेंसियों के अनुसार, जब तक सभी उड़ानें पूरी तरह सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक किराए ऊंचे बने रहने की संभावना है।
पर्यटन उद्योग पर भी असर
मौजूदा हालात का असर सिर्फ यात्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटन उद्योग भी इससे प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेवल कंपनियों का कहना है कि दुबई घूमने के लिए पहले से बुक कराए गए टूर पैकेज भी अब रद्द किए जा रहे हैं। एक ट्रेवल एजेंसी संचालक के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह के लिए उनकी तीन बुकिंग थीं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए तीनों यात्राएं रद्द करनी पड़ीं। वहीं मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल की यात्राओं को लेकर भी पर्यटक अभी असमंजस में हैं।
कब सामान्य हो सकती है स्थिति?
ट्रेवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि जैसे ही क्षेत्र में हालात सामान्य होंगे और सभी उड़ानें फिर से शुरू होंगी, टिकट के दाम भी धीरे-धीरे कम होने लगेंगे। फिलहाल यात्रियों को सीमित विकल्पों और ऊंचे किराए के बीच ही यात्रा करनी पड़ रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

