
नई दिल्ली/थिम्पू। दिल्ली में सोमवार शाम हुए दर्दनाक कार ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान सामने आया है।
भूटान दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने मंगलवार को थिम्पू में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “दिल्ली कार ब्लास्ट के पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”
पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। “आज मैं बहुत दुखी मन से यहां आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी को बहुत दुखी किया है। मैं प्रभावित परिवारों का दुःख समझता हूं — पूरा देश आज उनके साथ खड़ा है।” प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि वह पूरी रात जांच एजेंसियों के संपर्क में रहे और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि साज़िश की हर कड़ी तक पहुंचा जाए।
लाल किले के पास धमाका, 12 की मौत, 20 घायल
सोमवार शाम दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में भयंकर विस्फोट हुआ। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियाँ इस हमले की जांच के कई एंगल्स पर काम कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से कनेक्शन के संकेत मिले हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, हाई लेवल मीटिंग आज
दिल्ली पुलिस, एनआईए और आईबी की टीमों ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। आज शाम गृह मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

