नई दिल्ली, (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। यहां पर कई कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही अमित शाह मुनुगोड़े विधानसभा में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री तेलंगाना में एक बड़ी रैली करने वाले हैं। भाजपा ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। तेलंगाना में कांग्रेस विधायक के इस्तीफे के बाद खाली हुई मुनुगोड़े विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है, इसको लेकर अमित शाह क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा करेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान कांग्रेस विधायक कोमातीरेड्डी राजगोपाल रेड्डी सहित क्षेत्र के नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
इसके पहले मुनुगोड़े विधानसभा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव टीआरएस के पक्ष में जनसभा कर चुके हैं। हालांकि अभी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होना बाकी है, लेकिन भाजपा पहले से ही तेलंगाना में अपना ध्यान केंद्रित करना चाहती है। भाजपा नेताओं का कहना है कि तेलंगाना के लोग टीआरएस की सरकार से त्रस्त हैं और भाजपा उनके साथ खड़ी है।
अमित शाह अपने तेलंगाना दौरे के दौरान कई अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। वह सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी करने वाले हैं। अमित शाह तेलंगाना के लिए भाजपा की आगे की रणनीति की घोषणा भी कर सकते हैं।
--आईएएनएस
एसपीटी/एसजीके
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

