
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है। राजद का कहना है कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर मतदान धीमा करने के लिए जानबूझकर बिजली काटी जा रही है। राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रथम चरण की वोटिंग के मध्य में महागठबंधन के मजबूत बूथों पर धीमा मतदान करने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है। जानबूझकर स्लो वोटिंग कराई जा रही है। चुनाव आयोग ऐसी धांधली, बुरी नीयत और दुर्भावनापूर्ण इरादों पर बिना विलंब के संज्ञान लेकर त्वरित कारवाई करे।"
चुनाव आयोग का जोरदार खंडन
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने तुरंत जवाब दिया कि राजद के आरोप निराधार और भ्रामक हैं। उन्होंने लिखा, "भारत निर्वाचन आयोग मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्बाध बनाने के लिए सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है। ऐसे भ्रामक प्रचार का कोई आधार नहीं है।"
सीसीटीवी निगरानी में 100% मतदान केंद्र
चुनाव आयोग ने बिहार के सभी मतदान केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी है। गुरुवार सुबह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त नियंत्रण कक्ष में पहुंचे और सभी सेंटरों की निगरानी की।
पहले चरण की वोटिंग: कौन आगे और कौन पीछे
पहले चरण में बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। शुरुआती घंटों में 27.65% वोटिंग दर्ज की गई।
बेगूसराय: 30.37% सबसे अधिक मतदान
पटना: 23.71% सबसे कम मतदान
शीर्ष मतदान वाली विधानसभा सीटें (सुबह 11 बजे तक):
गरखा: 33.70%
चेरिया बरियारपुर: 33.32%
पारू: 32.81%
मीनापुर: 32.46%
हथुआ: 32.40%
सहरसा: 32.17%
वारिसनगर: 31.87%
सूर्यागढ़: 31.85%
पालीगंज: 31.53%
मसौढ़ी: 31.46%
वैशाली: 31.24%
खगड़िया: 30.22%
लालगंज: 30.12%
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

