
पटना। बिहार चुनाव 2025 को देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गुरुवार को अहम बैठक हुई। सीएम नीतीश अपनी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और मंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ पटना के होटल मौर्या पहुंचे। करीब एक घंटे तक चली इस मीटिंग में दोनों नेताओं ने आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
एनडीए में सीट बंटवारे पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, बातचीत का मुख्य एजेंडा एनडीए की सीट शेयरिंग था। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जीतन राम मांझी की हम पार्टी की सीटों की मांग पर भी गहन वार्ता हुई। जानकारों का कहना है कि “डील लगभग फाइनल” हो चुकी है और जल्द ही आधिकारिक ऐलान हो सकता है।
भाजपा और जदयू नेताओं की मौजूदगी
बैठक में डेप्युटी सीएम सम्राट चौधरी, बिहार बीजेपी प्रभारी भीखूभाई दलसानिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और मौजूदा प्रभारी विनोद तावड़े भी शामिल रहे। सीएम नीतीश के साथ कई आला अफसर भी बैठक में मौजूद थे।
गर्मजोशी भरा माहौल
सूत्रों के मुताबिक, होटल मौर्या पहुंचते ही अमित शाह ने आगे बढ़कर नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मीटिंग से बाहर निकलते समय नीतीश कुमार का चेहरा बिल्कुल सामान्य और आत्मविश्वासी दिखा। मीटिंग खत्म होने के बाद अमित शाह सीधे डेहरी के लिए रवाना हो गए, जहां वे बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

