
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों की वोटिंग पूरी हो चुकी है और इस बार मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतदान किया है। अब पूरा देश कल यानी शुक्रवार सुबह 8 बजे होने वाली मतगणना पर निगाहें गड़ाए बैठा है।सवाल यही है—क्या एनडीए फिर सत्ता में लौटेगा या महागठबंधन इस बार सरकार बना पाएगा?
सुरक्षा चाक-चौबंद, मतगणना केंद्रों पर सख्ती
चुनाव आयोग ने 38 जिलों के 46 मतगणना केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए हैं। ईवीएम को दो-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है, जिसमें आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी सेंट्रल आर्म्ड पैरामिलिट्री फोर्स (CAPF) के हवाले है। साथ ही, सभी स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी हो रही है। किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने कड़ी मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाई है।
कहीं भोज, कहीं रसगुल्ले–सियासी घरानों में जश्न की तैयारी
नतीजों से पहले ही बिहार की राजनीति में जश्न का माहौल है। कहीं भव्य भोज की तैयारी चल रही है तो कहीं हजारों किलो रसगुल्ले और लड्डू बनाए जा रहे हैं। मोकामा से बाहुबली प्रत्याशी अनंत सिंह इतने आश्वस्त हैं कि उन्होंने लाखों रसगुल्लों का ऑर्डर दे दिया है। लोगों के बीच माहौल बिल्कुल त्यौहार जैसा है—बस इंतजार है, जीत की घोषणा का।

‘टाइगर अभी जिंदा है’—नीतीश कुमार के समर्थन में लगा पोस्टर
पटना में जेडीयू कार्यकर्ताओं ने सीएम नीतीश कुमार के कार्यालय के बाहर बड़े पोस्टर लगाए हैं, जिन पर लिखा है, “टाइगर अभी जिंदा है” यह पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और एनडीए समर्थकों में जोश और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया है।
एग्जिट पोल में फिर NDA को बढ़त
मतगणना से पहले आए एग्जिट पोल के अनुसार बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। वहीं महागठबंधन को निराशा मिलती नजर आ रही है। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी को, जो 150 सीटों का दावा कर रही थी, एग्जिट पोल में 2-3 सीटें ही मिलती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है — असली तस्वीर 15 नवंबर को सामने आएगी।
विजय जुलूसों पर रोक, आचार संहिता 16 नवंबर तक लागू
चुनाव परिणाम के बाद भी पटना में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। चुनाव आयोग ने इसे 16 नवंबर तक बढ़ा दिया है और साथ ही विजय जुलूसों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार का कानून-व्यवस्था का उल्लंघन न हो।
बतादें बिहार की जनता ने अपनी राय ईवीएम में दर्ज कर दी है। अब सबकी निगाहें 8 बजे सुबह से शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। एनडीए या महागठबंधन—कौन जीतेगा, कौन हारेगा? कल बिहार की सियासी तस्वीर साफ हो जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

