सोमवार, 09 मार्च 2026
Logo
National
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम का आयोजन करेगी भाजपा
अभी-अभी 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम का आयोजन करेगी भाजपा

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम का आयोजन करेगी भाजपा

N
डेस्क रिपोर्टर

नई दिल्ली, (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के सभी सांसदों को हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इस कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया है। इसके लिए भाजपा ने 9 अगस्त से 15 अगस्त तक, एक सप्ताह के दौरान कई विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान भाजपा, 14 अगस्त को विभाजन की विभीषिका का संस्मरण दिवस भी आयोजित करेगी।


मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक के समापन के बाद बैठक के बारे में बताते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि बैठक में नड्डा ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए आह्वान के मद्देनजर सभी सांसदों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इस कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि संसदीय दल की बैठक में नड्डा ने सभी सांसदों को 9 अगस्त से 15 अगस्त के बीच तय किए गए कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी सांसदों को इनमें शामिल होने का भी निर्देश दिया। जोशी ने बताया कि पार्टी 9 अगस्त से लेकर 11 अगस्त के बीच प्रभातफेरी निकाल कर


हर घर तिरंगा अभियान का प्रचार करेगी। 10 से 12 अगस्त के बीच युवा मोर्चा तिरंगा बाइक यात्रा निकालेगा। 11 से 13 अगस्त के बीच पार्टी हर बूथ पर प्रभातफेरी निकाल कर इस अभियान का प्रचार करेगी। इस प्रभातफेरी में रघुपति राघव राजा राम और वंदे मातरम जैसे गीतों के जरिए तिरंगा अभियान का प्रचार किया जाएगा। सभी सांसदों को इस कार्यक्रम में कहीं न कहीं शामिल होने का निर्देश दिया गया है।


13 से 15 अगस्त के दौरान देश के हर नागरिक के घर पर तिरंगा लहराना चाहिए, इसे लेकर भी सभी को सोशल मीडिया की अपनी डीपी में तिरंगा लगाने को कहा गया है। उन्हें अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में इसे सुनिश्चित करने के लिए वर्चुअली अभियान चलाने को भी कहा गया है।


एक सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान पार्टी, महापुरुषों की मूर्तियां की साफ सफाई को लेकर भी कार्यक्रम करेगी। नड्डा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत ऐसे कमजोर बूथों पर भी कार्यक्रम के आयोजन का निर्देश दिया है, जिन बूथों पर भाजपा को पिछले कुछ चुनावों में कम वोट मिला है।


प्रल्हाद जोशी ने बताया कि उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले 5 अगस्त की शाम को भी सांसदों की बैठक बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का प्रचार प्रसार करने के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय बुधवार को सुबह लाल किला से संसद भवन तक (विजय चौक तक) तिरंगा बाइक यात्रा का भी आयोजन करने जा रहा है।


केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बुधवार को संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस तिरंगा बाइक यात्रा में शामिल होने के लिए सभी राजनीतिक दलों के सांसदों को भी आमंत्रित किया ।


--आईएएनएस

एसटीपी/एसकेपी

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें