
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने आसमान में सफर करने के भरोसे को झकझोर दिया। एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के महज दो मिनट बाद ही क्रैश हो गई। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार थे। हादसा अहमदाबाद एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास हुआ, जहां धमाके के साथ विमान ज़मीन से टकरा गया और आसमान में धुएं का घना गुबार फैल गया।
टेकऑफ के दो मिनट बाद हुआ बड़ा धमाका
एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लेकिन महज दो मिनट बाद, 1:40 बजे, विमान बेकाबू होकर एयरपोर्ट कैंपस से सटे मघनी नगर क्षेत्र में क्रैश हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और आग की लपटों के साथ काले धुएं का गुबार चारों ओर फैल गया।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी थे विमान में सवार
हादसे की जानकारी के बाद एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई। एअर इंडिया की इस फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे। नितिन भारद्वाज नामक उनके करीबी ने एक गुजराती अखबार को बताया कि रूपाणी लंदन में अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे और फ्लाइट में सीट नंबर 12 पर बैठे थे। फिलहाल उनके सुरक्षित होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पायलट बेहद अनुभवी, फिर क्यों हुआ हादसा?
विमान को कैप्टन सुमीत सब्बरवाल उड़ा रहे थे, जो लाइन ट्रेनिंग कैप्टन (LTC) थे और उनके पास 8200 घंटे की उड़ान का अनुभव था। साथ में फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे, जिनके पास भी 1100 घंटे का अनुभव था। दोनों ही अनुभवी पायलट माने जाते हैं। हादसे के कारणों की जांच DGCA और AAIB द्वारा की जा रही है।
एयरपोर्ट बंद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे को देखते हुए सभी फ्लाइट ऑपरेशन फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। मौके पर दमकल की गाड़ियां, NDRF और मेडिकल टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है लेकिन विमान में आग और धुएं के कारण चुनौतियां बनी हुई हैं।
पिछली बार कब हुआ था ऐसा हादसा?
यह हादसा भारत के विमानन इतिहास में Boeing 787 Dreamliner का पहला बड़ा क्रैश बताया जा रहा है। हालांकि इससे पहले 7 अगस्त 2020 को कोझिकोड, केरल में वंदे भारत मिशन के तहत आ रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान के रनवे से फिसलने की घटना हुई थी, जिसमें 21 यात्रियों की मौत हुई थी।
जांच के घेरे में टेक्निकल फॉल्ट
विमान के Flightradar24 डेटा से संकेत मिला है कि टेकऑफ के बाद प्लेन ने 625 फीट की ऊंचाई पकड़ी थी और फिर अचानक नीचे गिरा। शुरुआती जानकारी टेक्निकल फॉल्ट की तरफ इशारा करती है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा।
अहम जानकारी एक नजर में
फ्लाइट नंबर : AI-171
टेकऑफ टाइम : दोपहर 1:38 बजे
क्रैश टाइम : दोपहर 1:40 बजे
कुल सवार लोग :242 (230 यात्री + 12 क्रू)
स्थान : मघनी नगर, अहमदाबाद
पायलट अनुभव : 8200 घंटे (कैप्टन), 1100 घंटे (को-पायलट)
एयरपोर्ट स्थिति : फिलहाल बंद
सरकारी एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने हादसे पर चिंता जताई है। एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

