
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार (14 दिसंबर) को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर ग्वालियर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
25 दिसंबर को ग्वालियर आएंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आमंत्रण स्वीकार किया और आगामी 25 दिसंबर को ग्वालियर आने का आश्वासन दिया। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के गौरव थे अटल बिहारी वाजपेयी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी मध्य प्रदेश का गौरव थे। उनके द्वारा किए गए कार्यों और अद्वितीय योगदान को कोई नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सदा अमर रहेंगे और उनकी 101वीं जयंती पर ग्वालियर में राज्य सरकार द्वारा कई कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने लिखा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती “सुशासन दिवस” के अवसर पर उनकी जन्मस्थली ग्वालियर में 25 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए गृह मंत्री को आमंत्रित किया गया है।
बीजेपी सरकार के दो साल का रिपोर्ट कार्ड पेश
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। अमर उजाला के अनुसार, बैठक में सीएम ने राज्य की विकास योजनाओं, कानून व्यवस्था और नक्सली प्रभावित क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी दी।
नक्सलमुक्त राज्य बनने की उपलब्धि पर चर्चा
यह मुलाकात इस मायने में अहम मानी जा रही है क्योंकि मध्य प्रदेश देश का पहला नक्सलमुक्त राज्य बन गया है। बैठक में इस उपलब्धि सहित राज्य में चल रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

