N
डेस्क रिपोर्टर
नैनीताल, न्यूज वर्ल्ड डेस्क। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होने ये भी कहा कि पिछली बार से ज्यादा सीटें इस बार के चुनाव में बीजेपी को मिलेंगी। सीएम शिवराज का कहना है कि मैं पुष्कर धामी जी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल रहूंगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड में लगातार चुनावी सभाऐं कर रहे है। इसके साथ ही सीएम ने कई विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो किए और बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील की।
प्रत्याशी के लिए मांगे वोट
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के लालकुआं, नैनीताल और यमुनोत्री विधानसभा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वहां पहुंचकर सबसे पहले पौधारोपण किया।
उत्तराखंड में पांचवा धाम सैन्य धाम बना रही बीजेपी
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा है कि जब भी मैं यहां आता हूं नई उर्जा से भर जाता हूं। करोड़ों करोड़ भारत वासियों की श्रृद्धा और आस्था का केन्द्र है देवभूमि। सीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार पांचवा धाम सैन्य धाम यहां बना रही है। वीरों की अगर पूजा नहीं हुई तो वीरता बांज हो जाएगी। शूरवीर सैनिकों के सम्मान में यह सैन्य धाम बनेगा। जिसके द्धार का नाम जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा जाऐगा।
कांग्रेस दो मुंही नीति अपनाती है
सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे कांग्रेस की दोमुंही नीति पर आश्चर्य होता है, पहले जिन बिपिन रावत जी को सड़क का गुंडा कहते थे अब उनके कट आउट लगा कर घूम रहे हैं। निकृष्टता की पराकाष्ठा है,पहले भगवान राम के अस्तित्व को ही नहीं मानते थे और काल्पनिक बताते थे,लेकिन अब राम राम जप रहे हैं।
राहुल गांधी सहित कई कांग्रेसी धर्म का चोला ओढ स्वांग रच रहे
सीएम शिवराज का कहना है कि राहुल गांधी त्रिमुण्ड लगा रहे हैं, जनेउ पहन रहे हैं। प्रियंका गांधी गंगा स्नान कर रही हैं और मध्यप्रदेश में तो दिग्विजय सिंह राम धुन गा रहे हैं। वहीं कमलनाथ हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। कांग्रेस की अजीब हालत हो गई है। कहती कुछ और है और करती कुछ और।
राहुल गांधी पर कसा तंज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। उनका कहना है कि कल मुझे आश्चर्य हुआ, वो कह रहे थे कि मैं डरता नहीं हूं, तो भई तुम्हें डरा कौन रहा है। और बोलने की बात तो इसलिए आई बाबा कि संसद में बोलकर भाग जाते हैं, जवाब सुनने की हिम्मत नहीं हैं उनमें। देश की जनता को उन पर हंसी आती है, उनकी सभा मनोरंजन सभा होती है, कोई तथ्य नहीं कोई तर्क नहीं, और मैं कहता हूं कि राहुल गांधी के होते हुए कांग्रेस को और किसी विरोधी की जरुरत नहीं है। सारे काम वहीं कर लेते हैं, अच्छी खासी पंजाब में चलती सरकार का बंटाधार कर दिया।
जनसभाओ में कांग्रेस को लिया आड़े हाथों
तीनों जनसभाओं में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर जमकर तीर चलाऐ। उन्होने कहा कि उत्तराखंड का विकास बीजेपी के शासन में ही संभव है। केन्द्र की मोदी सरकार लगातार देश के विकास में काम कर रही है। बीजेपी के शासन में उत्तराखंड में तेजी के साथ विकास हुआ है। इसीलिए एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनाने की अपील उन्होने जनता से की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

